SRH vs DC Flashback: आईपीएल के 34वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम का सामना अपने घर पर दिल्ली कैपिटल्स से होगा। प्वाइंट्स टेबल की बात करें तो हैदराबाद की टीम जहां 6 मैच में 4 अंकों के साथ 9वें नंबर पर है तो वहीं दिल्ली कैपिटल्स 2 अंक के साथ 10वें या आखिरी पायदान पर बनी हुई है। पिछले मुकाबले की बात करें तो दिल्ली ने लगातार 5 हार झेलने के बाद पहली जीत दर्ज की थी। आखिरी ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में उसने कोलकाता को 4 विकेट से हराया था, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद को चेन्नई सुपर किंग्स ने एकतरफा तरीके से 7 विकेट से हराया था।
दोनों टीम राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में जीत की तलाश में उतरेगी। पिछले सीजन को याद करें तो दिल्ली कैपिटल्स का पलड़ा भारी नजर आता है। उस मैच में दिल्ली ने हैदराबाद को 21 रन से मात दी थी।
वॉर्नर और पावेल का तूफान
मुंबई के ब्रेबोर्न क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए डेविड वॉर्नर के 58 गेंद में 92 और बाद में रोवमेन पावेल के 35 गेंद में विस्फोटक 67 रन की पारी के दम पर 3 विकेट के नुकसान पर 207 रन बनाए थे। जवाब में सनराइजर्स की टीम निर्धारित ओवर में 8 विकेट खोकर केवल 186 रन ही बना सकी। हैदराबाद की तरफ से निकालोस पूरन ने 34 गेंद पर 62 और एडेन मार्करम ने 25 गेंद पर 42 रन की पारी खेली थी।
इस बार मार्करम हैदराबाद के कप्तान हैं, जबकि निकोलस पूरन इस टीम में नहीं हैं। मार्करम फिलहाल लय में नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में राहुल त्रिपाठी और हैरी ब्रूक पर अपनी टीम को बड़ा स्कोर देने की जिम्मेदारी होगी। वहीं दिल्ली कैपिटल्स की बात करें तो बल्लेबाजी उसकी समस्या रही है। कप्तान डेविड वॉर्नर को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज रन नहीं कर पा रहा।
