बुलवायो: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन दक्षिण अफ्रीका ने जिंबाब्वे के खिलाफ दो मैच की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में शानदार शुरुआत की है। बुलवायो में शनिवार से शुरू हुए पहले टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका ने लुआन ड्री प्रीटोरियस के डेब्यू (153) और कार्बिन बॉश के नाबाद शतक(100*) की बदौलत 9 विकेट के नुकसान पर 418 रन बना लिए हैं। बॉश 100 रन बनाकर नाबाद हैं। उनका साथ 9 रन बनाकर क्वेना मफाका दे रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीका ने की खराब शुरुआत
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान केशव महाराज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। लेकिन दक्षिण अफ्रीका के टॉप ऑर्डर ने खराब शुरुआत की। पारी के छठे ओवर में सलामी बल्लेबाजी टोनी डी जोरजी खाता खोले बगैर लपके गए। इसके बाद मैथ्यू ब्रीट्जकी भी 13 रन बनाकर चिवांगा का शिकार बने। 21 रन के स्कोर पर दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे।
55 रन पर गंवाए चार विकेट
ऐसे में वियान मुडलर और डेविड बेडिंघम ने मोर्चा संभाला। लेकिन चिवांगा ने बेडिंघम को भी खाता खोले बगैर पवेलियन वापस भेज दिया। इसके बाद मुडलर और लुआन ड्री प्रीटोरियस ने टीम को 50 रन के पार पहुंचाया। लेकिन मुडलर 17 रन बनाकर रन आउट हो गए। 55 रन पर 4 विकेट गंवाकर मेहमान टीम मुश्किल में नजर आने लगी। ऐसे में दो डेब्यूटेंट लुआन ड्री प्रीटोरियस और डेवाल्ड ब्रेविस ने मोर्चा संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी करके टीम को मुश्किल से उबारा। डेब्यू टेस्ट खेल रहे ब्रेविस ने 38 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन 150 के स्कोर पर वो भी पवेलियन लौट गए। 150 रन पर दक्षिण अफ्रीका की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी और उसके सिर पर सस्ते में ढेर होने का खतरा मंडराने लगा था।
प्रीटोरियस ने जड़ा डेब्यू मैच में शतक
मुश्किल स्थिति में 19 साल के प्रीटोरियस डटे रहे। उन्होंने 52 गेंद में अपने करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया। लेकिन दूसरे छोर पर साथ देने आए विकेटकीपर बल्लेबाज काईल वीरेने भी 10 रन बनाकर आउट हो गए। मसकादजा ने उनका शिकार किया। 181 रन पर द. अफ्रीका को छह झटके लग चुके थे। ऐसे में करियर का दूसरा टेस्ट खेल रहे कार्बिन बॉश ने दूसरा छोर संभाला।
बॉश और प्रीटोरियस ने जिंबाब्वे के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और सातवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। इसी दौरान प्रीटोरियस ने अपना शतक 112 गेंद में 7 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा किया। इसके बाद 150 रन भी 157 गेंद में 11 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरे किए। प्रीटोरियस दक्षिण अफ्रीका के लिए टेस्ट शतक जड़ने वाले सबसे युवा क्रिकेटर और टेस्ट में 150 रन के आंकड़े को पार करने वाले सबसे युवा खिलाड़ बने। उन्होंने 19 साल 93 दिन की उम्र में ये उपलब्धि हासिल की। वह पाकिस्तान के जावेद मियांदाद से 26 दिन छोटे हैं जिन्होंने 1976 में लाहौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 163 रन बनाए थे। प्रीटोरियस टेस्ट इतिहास में पदार्पण में शतक बनाने वाले पांचवें सबसे युवा और दक्षिण अफ्रीका के सबसे युवा खिलाड़ी बने।
कार्बिन बॉश ने जड़ा करियर का पहला शतक
289 के स्कोर पर प्रीटोरियस 153 रन बनाकर चिवांगा का चौथा शिकार बने। इसके बाद बॉश एक छोर थामे रहे और अपना अर्धशतक 77 गेंद में 5 चौके की मदद से पूरा किया। निचले क्रम के बल्लेबाज उनका थोड़ी थोड़ी देर साथ देते रहे। टीम ने 88वें ओवर की आखिरी गेंद पर 400 रन के आंकड़े को पार कर लिया। ऐसे में दिन का खेल खत्म होने से पहले बॉश ने अपना पहला टेस्ट शतक 124 गेंद में 10 चौके की मदद से पूरा किया। दिन का खेत खत्म होते तक द. अफ्रीका ने 9 विकेट के नुकसान पर 418 रन बना लिए थे। जिंबाब्वे के लिए तनका चिवांगा ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। वहीं दो सफलता ब्लेसिंग मुजरबानी को मिली। 1-1 विकेट वेलिंगटम मसाकादजा विंसेंट मसेकेसा ने लिए।
