IPL 2024, Delhi Capitals, Sourav Ganguly: आईपीएल के 16वें सीजन में दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। लीग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को कुल 14 मैचों में से सिर्फ 5 मैच में जीत मिली थी, जबकि 9 मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। टीम कुल 10 अंक के साथ पॉइंट टेबल में नीचे से दूसरे नंबर पर यानी 9वें नंबर पर रही थी। दिल्ली के इस खराब प्रदर्शन के बाद टीम के बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। आईपीएल 2023 में टीम के हेड रिंकी पोंटिंग थे, लेकिन अगले सीजन आईपीएल 2024 में रिंकी पोंटिंग की जगह सौरव गांगुली ले सकते हैं। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली वर्तमान में दिल्ली कैपिटल्स में निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। हालांकि, इसको लेकर अभी फ्रेंचाइजी की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है। आईपीएल 2023 में डेविड वॉर्नर की कप्तानी में टीम उतरी थी।
गांगुली पूरी तरह से हैं तैयार
बंगाली मीडिया आउटलेट संगबाद प्रतिदिन की एक रिपोर्ट के अनुसार, सौरव गांगुली दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग की जगह लेने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। वे वर्तमान में टीम के क्रिकेट निदेशक के पद के रूप में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। 2015 में मुंबई इंडियंस के साथ मुख्य कोच के रूप में आईपीएल का खिताब जीतने वाले रिकी पोंटिंग आईपीएल 2018 में दिल्ली कैपिटल्स की टीम से जुड़े थे। उनकी मेंटरशिप में दिल्ली की टीम आईपीएल 2020 में पहली बार आईपीएल के खिताबी मुकाबले में पहुंची थी।
2021 में टेबल में टॉप पर रही थी डीसी
आईपीएल 2021 की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स की टीम पॉइंट टेबल में टॉप पर रही थी। दिल्ली की टीम को कुल 14 मैचों में से 10 में जीत मिली थी और 4 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। टीम 20 अंक के साथ टेबल में टॉप पर रही थी। इस सीजन में दिल्ली की टीम को क्वालीफायर-2 में दिल्ली को कोलकाता नाइटराइडर्स से हार झेलनी पड़ी थी। वहीं, 2022 में दिल्ली की टीम नॉकआउट में नहीं पहुंच पाई थी। 14 अंक के साथ दिल्ली की टीम पॉइंट टेबल में पांचवें नंबर पर रही थी।
