स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। मकॉय में तेज गेंदबाजों का कहर देखने को मिला। ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच शुरू हुए दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन कुल 18 विकेट गिरे और कुल 229 रन ही बने। विकेटों की पतझड़ के बीच ऑस्ट्रेलिया ने अपना पलड़ा भारी रखा है। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिचेल स्टार्क ने 6 विकेट चटकाए तो वहीं, बांग्लादेश के तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम ने अपना छह विकेट हॉल पूरा किया।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और पहले टेस्ट मैच में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाले बांग्लादेश को केवल 64 रन पर ढेर कर दिया। इसके बाद भी बल्लेबाजी करनी आसान नहीं रही, क्योंकि आस्ट्रेलिया ने दिन का खेल समाप्त होने के समय 165 रन पर 8 विकेट गंवा दिए थे। इस तरह से उसने पहली पारी में बांग्लादेश पर 101 रन की बढ़त हासिल कर ली है। शोरिफुल इस्लाम ने 35 रन देकर छह विकेट लिए हैं। दिन का खेल समाप्त होने के समय कैमरन ग्रीन 51 और नाथन लियोन 10 रन पर खेल रहे थे।
10 ओवर में दिए मात्र 12 रन
इससे पहले स्टार्क ने 10 ओवर में 12 रन देकर छह विकेट लिए। उन्हें मैच की पहली गेंद पर ही सफलता मिली, जब उनकी गेंद शादमान इस्लाम के बल्ले के बाहरी किनारे से लगकर गली में कैच में बदल गई। स्टार्क ने रिकॉर्ड चौथी बार मैच की पहली गेंद पर विकेट लिया। स्टार्क ने इसके बाद तंजीद हसन और कप्तान नजमुल हुसैन शंटो को आउट करके बांग्लादेश को मुश्किल में डाल दिया।
बांग्लादेश हुई शर्मसार
ग्रीन ने स्टार्क की गेंद पर मोमिनुल हक (09) का शानदार कैच लिया। मोमिनुल बांग्लादेश के पहले चार बल्लेबाजों में खाता खोलने वाले एकमात्र खिलाड़ी थे। स्टार्क ने लंच के बाद लिटन दास को एलबीडब्ल्यू आउट करके अपना पांचवां विकेट लिया। बांग्लादेश का स्कोर ऑस्ट्रेलिया में पहले बल्लेबाजी करते हुए 1932 के बाद सबसे कम है। तब दक्षिण अफ्रीका की टीम 36 रन पर आउट हो गई थी। वहीं, मिचेल स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में डेल स्टेन को पीछे छोड़ दिया।
शोरिफुल इस्लाम का पंजा
बांग्लादेश की ओर से सर्वोच्च स्कोर 11वें नंबर के बल्लेबाज शोरिफुल इस्लाम (14) ने बनाया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही तथा उसके शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाज मैट रेनशॉ (08), ट्रेविस हेड (22) और मार्नस लाबुशेन (04) देर तक नहीं टिक पाए। इससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 41 रन हो गया। स्टीव स्मिथ (42) ने ग्रीन के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 77 रन जोड़े। शोरिफुल इस्लाम ने स्मिथ को एलबीडब्ल्यू आउट करके यह साझेदारी तोड़ी, जिससे ऑस्ट्रेलियाई पारी फिर से लड़खड़ा गई। ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट 30 रन के अंदर गंवाए। इस्लाम ने 11 ओवर में 35 रन देकर छह विकेट चटकाए।
