हरारे, (भाषा)। जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने तीन मैच की टी20 सीरीज में भारत को प्रबल दावेदार मानने से इनकार करते हुए कहा कि दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर होगी और उनके पास समान रूप से जीत हासिल करने के मौके होंगे। विश्व चैंपियन भारत का टी20 अंतरराष्ट्रीय में हाल में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। उसे आयरलैंड के खिलाफ दोनों मैच में हार का सामना करना पड़ा।
इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की सीरीज में उसे चार मैच में हार मिली, जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। अब उसके पास जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत की राह पर लौटने का मौका होगा। इस सीरीज का पहला मैच गुरुवार को खेला जाएगा। इसके लिए टीम इंडिया हरारे पहुंच गई है।
'सीरीज होगी बेहद रोमांचक'
रजा ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, इस सीरीज में दोनों देशों के पास समान मौके होंगे। हमें अपनी टीम पर पूरा भरोसा है। हमारी टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है और इसलिए मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि यह सीरीज बेहद रोमांचक होगी।
रजा ने कहा, जहां तक जीत हार का सवाल है तो दोनों टीमों के पास यह सीरीज जीतने के बराबर के मौके होंगे। भारत अभी बदलाव के दौर से गुजर रहा है जिससे यह सीरीज और अधिक रोमांचक हो गई है। मुझे नहीं लगता कि यह सीरीज एकतरफा होगी।
तीन टीमों को हराकर बढ़ा आत्मविश्वास
जिम्बाब्वे ने फरवरी में कोलंबो में खेले गए आईसीसी टी20 विश्व कप के मैच में ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराया था। उसने इस साल श्रीलंका और बांग्लादेश के खिलाफ भी जीत दर्ज की हैं। इससे टीम को आत्मविश्वास मिला है। वह 23 जुलाई को भारत के खिलाफ इसी मनोबल के साथ उतरेगा।
सीरीज का दूसरा और तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच 25 और 26 जुलाई खेले जाएंगे। वीवीएस लक्ष्मण की कोचिंग में टीम इंडिया यह सीरीज खेलेगी। क्रिकेट फैंस को एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी का जलवा देखने को मिल सकता है। वह इंग्लैंड के खिलाफ तीन पारियों में बड़ा धमाका नहीं कर पाए थे। इसके बाद उन्हें पांचवें टी20 मैच में प्लेइंग इलेवन से ड्रॉप कर दिया गया।
