Shubman Gill Press Conference: भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने लंबे समय से टेस्ट और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर चल रहे अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को लेकर अपनी राय व्यक्त की है। शमी, जो 2023 वनडे विश्व कप में सात मैचों में 24 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे, चोटों के कारण वापसी के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भी टीम में शामिल नहीं किया गया है।
शमी की क्वालिटी की तारीफ और चयन पर बयान
कोलकाता टेस्ट से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिल ने कहा कि शमी की गुणवत्ता वाले गेंदबाज बहुत कम हैं, लेकिन उन्होंने साथ ही प्रसिद्ध कृष्णा और आकाश दीप जैसे युवा तेज गेंदबाजों के हालिया प्रदर्शन की अनदेखी न करने की बात भी कही।गिल ने कहा, "शमी भाई की क्वालिटी वाले गेंदबाज बहुत ज्यादा नहीं हैं। लेकिन हम आकाश दीप और प्रसिद्ध (कृष्णा) जैसे खिलाड़ियों के प्रदर्शन को नजरअंदाज नहीं कर सकते। बुमराह और सिराज भी अच्छा कर रहे हैं, जैसा कि हमने देखा है।"
गिल ने आगे कहा कि शमी की वापसी का फैसला चयनकर्ताओं पर छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा, "हमारी नजर इस बात पर भी है कि हम अगली टेस्ट सीरीज कहां खेलेंगे। चयनकर्ता इसका बेहतर जवाब दे पाएंगे।"शमी ने इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज और चैंपियंस ट्रॉफी में वापसी की थी, जहाँ उन्होंने सात मैचों में 11 विकेट लिए थे, जिसमें बांग्लादेश के खिलाफ एक पांच विकेट हॉल भी शामिल था। हालांकि, दमदार घरेलू प्रदर्शन के बावजूद वह तब से भारतीय टीम में नहीं लौटे हैं।
कप्तानी पर खुलकर बोले गिल
गिल भारत की टेस्ट और वनडे टीमों के कप्तान हैं, जबकि हाल ही में उन्हें टी20 टीम का उप कप्तान नियुक्त किया गया।उन्होंने कहा कि ‘‘मैं अभी भी यह समझने की कोशिश कर रहा हूं कि अपने कार्यभार का कैसे प्रबंधन करूं। हम लगातार खेल रहे हैं और विभिन्न देशों की यात्रा कर रहे हैं। हमें एक प्रारूप से दूसरे प्रारूप में खेलने के लिए भी कम समय मिल रहा है।'गिल ने कहा कि 'इसलिए मैं यह भी जानने की कोशिश कर रहा हूं कि मेरे लिए सभी प्रारूपों में अच्छा प्रदर्शन करने और सफल होने का सबसे अच्छा तरीका क्या है लेकिन चुनौती निश्चित रूप से शारीरिक से ज्यादा मानसिक है।'
द.अफ्रीका कड़ा चैलेंज
गिल ने इसके साथ ही कहा कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का मौजूदा चैंपियन दक्षिण अफ्रीका उनकी टीम के सामने कड़ी चुनौती पेश करेगा।उन्होंने कहा कि 'हम जानते हैं कि मौजूदा डब्ल्यूटीसी चैंपियन के खिलाफ मुकाबला आसान नहीं होगा। कुछ मुश्किल पल भी आएंगे। लेकिन हमने उनका बखूबी सामना किया है। डब्ल्यूटीसी फाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए यह दोनों टेस्ट मैच महत्वपूर्ण हैं।'
