क्रिकेट

IND vs ENG: गिल की कप्तानी में नहीं दिखी रोहित-कोहली जैसी झलक, लीड्स टेस्ट में हार के बाद पूर्व खिलाड़ी का बड़ा बयान

IND vs ENG 1st Test: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा है इसके बाद से कप्तान गिल की लीडरशिप पर भी सवाल उठाए जा रहे हैे और उनकी तुलना रोहित-विराट के दौरे से की जा रही है।

Image

शुभमन गिल (फोटो- AP)

IND vs ENG 1st Test: इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में भारत को पांच विकेट से मिली हार के बाद नए कप्तान शुभमन गिल की कप्तानी और रणनीति पर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व इंग्लैंड कप्तान नासिर हुसैन ने गिल की कप्तानी शैली को लेकर आलोचना करते हुए कहा कि उनमें रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसी आभा नहीं दिखी।

नहीं पता चल रहा था कौन कर रहा है नेतृत्व- हुसैन

लीड्स टेस्ट में भारत ने पांच शतकीय पारियों के बावजूद मैच गंवा दिया। इंग्लैंड ने 371 रन के लक्ष्य को पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। हुसैन ने 'स्काई स्पोर्ट्स' से बात करते हुए कहा, "मुझे लगा कि गिल सक्रिय होने के बजाय प्रतिक्रिया दे रहे थे। रोहित और कोहली की कप्तानी में आपको पता चल जाता था कि टीम का नेतृत्व कौन कर रहा है, लेकिन इस मैच में ऐसा लगा जैसे कोई समिति टीम चला रही हो।"

उन्होंने आगे कहा कि भारत की हार के दो मुख्य कारण थे – कैच छूटना और निचले क्रम के बल्लेबाजों का जल्दी आउट होना। हुसैन ने चिंता जताते हुए कहा, "अगर भारत 31 रन पर छह विकेट और 41 रन पर सात विकेट गंवाता रहा, तो यह सीरीज जल्द ही तय हो जाएगी।"

शास्त्री ने गिल का बचाव किया, पर चिंता भी जताई

भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने गिल के पहले टेस्ट में शतक जड़ने की सराहना की, लेकिन मैच में गंवाए गए मौकों पर निराशा जाहिर की। शास्त्री ने कहा, "गिल ने एक कप्तान के रूप में उम्मीद से ज्यादा अच्छा किया, लेकिन कैच छूटना और निचले क्रम का कमजोर प्रदर्शन चिंता का विषय है। भारत को इस हार से सीख लेनी होगी।"उन्होंने यह भी कहा कि जसप्रीत बुमराह को दूसरे टेस्ट में जरूर खेलना चाहिए, क्योंकि अगर भारत 2-0 से पिछड़ गया तो वापसी मुश्किल होगी।

ब्रॉड ने इंग्लैंड की जीत की सराहना की

इंग्लैंड के पूर्व गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने कहा कि भारत के पास मैच जीतने के कई मौके थे, लेकिन उन्होंने उन्हें गंवा दिया। उन्होंने कहा, "इंग्लैंड ने कड़ी टक्कर दी और शानदार रन चेज किया। बेन डकेट का प्रदर्शन अद्भुत था।"

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article