क्रिकेट

शुभमन गिल बने तीनों फॉर्मेट में शतक जड़ने वाले दुनिया के सबसे युवा बल्लेबाज, लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 1, 2023, 08:44 PM IST

Shubman Gill Century: शुभमन गिल ने धमाकेदार शतक जड़कर अपने नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तीनों फॉर्मेट में सबसे कम उम्र में सैकड़ा जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

Image

शुभमन गिल(साभार AP)

अहमदाबाद: टी20 फॉर्मेट में बल्लेबाजी की आलोचना करने वालों को अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में चल रहे युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के तीसरे और निर्णायक मुकाबले में शानदार शतक जड़कर करारा जवाब दिया। गिल ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंद में अंतरराष्ट्रीय टी20 में पहला सैकड़ा जड़ दिया। इसके साथ ही 23 वर्षीय गिल तीनों फॉर्मेट में शतक जड़ने वाले दुनिया के सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। गिल ने 63 गेंद में 126 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने अपनी आतिशी पारी में 200 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए और इस दौरान 12 चौके और 7 छक्के जड़े।

तीनों फॉर्मेट में शतक जड़ने वाले पांचवें भारतीय

तीनों फॉर्मेट में शतक जड़ने वाले गिल सुरेश रैना, केएल राहुल, रोहित शर्मा और विराट कोहली के बाद पांचवें भारतीय हैं। उन्होंने करियर का छठा टी20 मुकाबला खेलते हुए अपने करियर का पहला शतक जड़ दिया। शतक पूरा करने में 10 चौके और 5 छक्के जड़े। शतक पूरा करते वक्त उनका स्ट्राइक रेट 187 का था। शतक पूरा करने का बाद भी गिल नहीं रुके और उन्होंने चौकों छक्कों की बारिश जारी रखी। अंत में नाबाद 126 रन की पारी के दौरान उन्होंने 12 चौके 7 छ्क्के जड़े।

टी20 में काबिलियत पर उठ रहे थे सवाल

3 जनवरी 2023 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय टी20 डेब्यू करने वाले गिल पिछले पांच मैच में केवल एक बार ही 40 रन के आंकड़े को पार कर सके थे। ये पारी उन्होंने राजकोट में खेली थी। लेकिन इसके बाद वो न्यूजीलैंड के खिलाफ रांची में 7 और लखनऊ में 11 रन की पारी खेलकर आउट हो गए। ऐसे में उन्होंने बुधवार को अहमदाबाद में मोर्चा संभालते हुए शुरुआत से ही धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए अंतरराष्ट्रीय टी20 में करियर का पहला सैकड़ा जड़कर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article