क्रिकेट

IND vs ENG: क्या टेस्ट क्रिकेट के फॉर्मेंट में होना चाहिए बदलाव? शुभमन गिल ने दिया सटीक जवाब

Shubman Gill Press Conference: भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट मैच में छह रन की नाटकीय जीत दर्ज करने के बाद सोमवार को इस प्रारूप से छेड़छाड़ नहीं करने की सलाह दी।टेस्ट क्रिकेट पर फ्रेंचाइजी क्रिकेट के कारण खतरे की बात की जा रही है लेकिन इस श्रृंखला के पांचों मैच पांचवें दिन तक चले और रोमांचक बने रहे।

Image

शुभमन गिल प्रेस कांफ्रेंस (फोटो- Screengrab/bcci)

Shubman Gill Press Conference: पांचवें टेस्ट में भारत की रोमांचक जीत के बाद कप्तान शुभमन गिल ने टेस्ट क्रिकेट के अस्तित्व और उसके स्वरूप को लेकर बड़ी बात कही। उन्होंने दो टूक लहज़े में कहा कि टेस्ट क्रिकेट को बदलने की ज़रूरत नहीं है, क्योंकि यह सबसे "फायदेमंद और संतोषजनक" प्रारूप है।

फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट के बीच टेस्ट की जीत

पिछले कुछ वर्षों से टेस्ट क्रिकेट पर फ्रेंचाइज़ी लीगों के चलते खतरा मंडरा रहा है। चार दिवसीय टेस्ट या अधिक सीमित समय वाले प्रारूपों की बात हो रही है, लेकिन भारत और इंग्लैंड के बीच हाल ही में समाप्त हुई पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि टेस्ट क्रिकेट अब भी दर्शकों को जोड़ने में सक्षम है।गिल ने संवाददाता सम्मेलन में स्पष्ट रूप से कहा कि "अगर यह चार दिवसीय मैच होते, तो चार मुकाबले ड्रॉ पर खत्म हो जाते। यही इस प्रारूप की खूबसूरती है – इसमें हर दिन, हर सत्र में खेल पलट सकता है।"

“टेस्ट क्रिकेट सबसे बड़ा इम्तिहान है” – शुभमन गिल

गिल ने टेस्ट क्रिकेट की विशेषताओं को रेखांकित करते हुए कहा, “टेस्ट क्रिकेट जैसा है, वैसा ही रहना चाहिए। यह सबसे कठिन, लेकिन सबसे संतोषजनक प्रारूप है। इसमें जीतने के लिए सबसे अधिक मेहनत करनी पड़ती है।'उन्होंने यह भी कहा कि टेस्ट क्रिकेट में एक खिलाड़ी को खुद को साबित करने के लिए दूसरा मौका मिलता है जो अन्य प्रारूपों में नहीं होता। भारतीय कप्तान ने कहा कि “अगर आप मेहनत करते हैं और सही दिशा में काम करते हैं, तो यह प्रारूप हमेशा आपको एक और अवसर देता है।”

बेन स्टोक्स ने कहा – “भारत-इंग्लैंड की प्रतिद्वंद्विता एशेज से कम नहीं”

इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स, जो ओवल टेस्ट में कंधे की चोट के कारण नहीं खेल सके, ने भी इस श्रृंखला को “बहुत खास” बताया। उन्होंने भारत और इंग्लैंड की टक्कर को एशेज से जोड़ने पर कहा कि 'इस प्रतिद्वंद्विता में एशेज जैसा नाम भले न जुड़ा हो, लेकिन इसकी तीव्रता और ऐतिहासिक महत्व किसी से कम नहीं है।स्टोक्स ने यह भी कहा, “हर मैच में उतार-चढ़ाव रहे। कभी भारत का पलड़ा भारी रहा, तो कभी हमारा। यही टेस्ट क्रिकेट का सौंदर्य है।”

2023 एशेज की याद ताज़ा हुई: स्टोक्स

बेन स्टोक्स ने स्वीकार किया कि भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज़ ने उन्हें 2023 की एशेज श्रृंखला की याद दिला दी, जब इंग्लैंड को अपने घरेलू मैदान पर वापसी करनी पड़ी थी।उन्होंने कहा कि “2023 में एशेज के दौरान भी हमें यहां आकर मैच जीतना था। उस समय जैसी भावना थी, वैसी ही इस बार भी थी। इस तरह की श्रृंखला का हिस्सा बनना किसी भी क्रिकेटर के लिए सम्मान की बात है।”

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article