क्रिकेट

जीत के बाद अय्यर ने किया खुलासा, शतक से चूकने वाले किशन से कहा कुछ ऐसा

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 10, 2022, 01:28 PM IST

India vs South Africa 2nd ODI, Shreyas Iyer and Ishan Kishan conversation video: भारत-दक्षिण अफ्रीका दूसरे वनडे मैच में टीम इंडिया को शानदार जीत मिली। बीसीसीआई ने मैच के दो स्टार्स ईशान किशन और श्रेयस अय्यर के बीच बातचीत का एक वीडियो जारी किया जिसमें दोनों के बीच दिलचस्प चर्चा हुई।

Image

श्रेयस अय्यर और ईशान किशन (BCCI)

रविवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए दूसरे वनडे मैच में टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज की और सीरीज में 1-1 की बराबरी की। इस मैच में भारत की तरफ से उसके दो बल्लेबाजों- ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने जमकर धमाल मचाया। ईशान किशन अपने घरेलू मैदान (रांची) पर खेल रहे थे इसलिए उनका अंदाज देखने लायक था, हालांकि वो सात रन से अपने शतक से चूक गए। जबकि अय्यर ने शानदार शतक (नाबाद 113 रन) जड़ा। मैच के बाद बीसीसीआई ने अय्यर और किशन की बातचीत का एक वीडियो जारी किया जिसमें दोनों के बीच कुछ दिलचस्प चर्चा हुई।

भारतीय पारी के दौरान पिच पर किशन ने अय्यर से ज्यादा बातचीत नहीं की। मैच के बाद जब इन दो खिलाड़ियों की बातचीत हो रही थी तब श्रेयस अय्यर ने खुलासा किया कि किशन अपनी पारी व बल्लेबाजी में काफी मगन और आक्रामक दिख रहे थे इसलिए अय्यर उनकी निजता में दखल देना नहीं चाहते थे।

बीसीसीआई द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में अय्यर ने किशन से कहा,‘‘मैं पारी के दौरान आपसे बात करना चाहता था लेकिन आप बेहद आक्रामक मूड में थे और शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे इसलिए मैं आपकी निजता में दखल नहीं देना चाहता था। जो भी हो हमने मैच जीता और हमने जीत के साथ अंत किया। उम्मीद है कि अगले मैच में आप सेंचुरी बनाओगे। जब आप शतक से चूके तो मैं निराश हो गया था।’’

वनडे करियर का दूसरा शतक जड़ने वाले श्रेयस अय्यर से जब उनके शतक के जश्न मनाने के तरीके के बारे में पूछा गया उन्होंने कहा,‘‘ मैंने जश्न मनाने के बारे में कोई तरीका नहीं सोचा था यह स्वाभाविक रूप से हो गया। मैं दर्शकों का आभार व्यक्त करना चाहता था। वे बड़ी संख्या में यहां पहुंचे थे और माहौल काफी उत्साहित करने वाला था।’’

ईशान किशन मैच में कैच आउट हुए लेकिन आउट होने से पहले उन्होंने चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से 93 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने अय्यर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 161 रन की साझेदारी की जिससे भारत ने ये मैच जीता। सीरीज का तीसरा वनडे मैच मंगलवार को दिल्ली में खेला जाएगा।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article