क्रिकेट

ICC T20 Ranking: आईसीसी टी20 रैंकिंग में पहली बार कप्तान अय्यर की हुई टॉप-10 में एंट्री

भारत के टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने लखनऊ के इकाना स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार कप्तानी शतक जड़कर आईसीसी की टी20 रैंकिंग में ऊंची छलांग लगाकर टॉप-10 में एंट्री कर ली है।

Image

श्रेयस अय्यर (फोटो क्रेडिट BCCI X)

दुबई: टीम इंडिया के टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ लखनऊ में खेले गए पांच मैच की सीरीज के पहले मुकाबले में शानदार शतक जड़कर टीम इंडिया को 8 विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की। अय्यर ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 43 गेंद में 102 रन की नाबाद पारी खेली और चेज करते हुए शतक जड़ने वाले पहले कप्तान बने। इस आतिशी पारी का असर बुधवार को आईसीसी द्वारा जारी की गई रैंकिंग में भी देखने को मिला। अय्यर ने ताजा आईसीसी टी20 रैंकिंग में बल्लेबाजों में 18 स्थान की छलांग लगाई और सातवें पायदान पर पहुंच गए। अय्यर अपने करियर में पहली बार टॉप-10 बल्लेबाजों में शामिल हुए हैं।

ईशान किशन बने हुए हैं नंबर वन बल्लेबाज

बल्लेबाजों की ताजा टी20 रैंकिंग में टॉप-10 में चार भारतीय बल्लेबाज शामिल हैं। ईशान किशन दुनिया के नंबर वन और अभिषेक शर्मा नंबर दो बल्लेबाज बने हुए हैं। अय्यर सातवें और तिलक वर्मा दसवें स्थान पर काबिज हैं। ये सभी खिलाड़ी टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतने वाली टीम के सदस्य रहे थे।

राशिद खान बने दुनिया के नंबर वन टी20 गेंदबाज

गेंदबाजों में पाकिस्तान के स्पिनर अबररा अहमद को ताजा रैंकिंग में पहला स्थान गंवाना पड़ा है। उनकी जगह अफगानिस्तान के राशिद खान एक बार फिर से दुनिया के नंबर वन बॉलर बन गए हैं। गेंदबाजों के टॉप-10 में तीन खिलाड़ियों की एंट्री हुई है। भारतीय स्पिनर अक्षर पटेल 16 स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर आ गए हैं, जबकि बांग्लादेश के नसुम अहमद को तीन स्थान का फायदा हुआ है और 11वें से आठवें पायदान पर आ गए हैं। वहीं बांग्लादेश के महेदी हसन दस स्थान चढ़कर नौवें नंबर पर आ गए हैं।

वनडे रैंकिंग में और मजबूत हुए शुभमन गिल

भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली गई हालिया तीन मैच की वनडे सीरीज के बाद वनडे रैंकिंग में भी बदलाव देखने को मिले हैं। गुवाहाटी में दोहरा शतक जड़ने वाले टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल वनडे रैंकिंग में दुनिया के नंबर वन बल्लेबाज बने हुए और उन्होंने 841 रेटिंग पॉइन्टस के साथ उन्होंने अपनी पकड़ ज्यादा मजबूत कर ली है। वहीं चंडीगढ़ में आखिरी वनडे में 162 रन की नाबाद पारी खेलने वाले विंडीज के कप्तान शाई होप को दो स्थान का फायदा हुआ है वो आठवें से छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं तीसरे वनडे में शतक जड़ने वाले केएल राहुल सात स्थान के फायदे के साथ साझा रूप से बल्लेबाजों में दसवें स्थान पर काबिज हो गए हैं।

अमीर जांगू को भी हुआ बड़ा फायदा

वेस्टइंडीज के तूफानी बाएं हाथ के बल्लेबाज अमीर जांगू 55वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि उनके साथी खिलाड़ी जेडन सील्स भारत के खिलाफ सीरीज में चार विकेट लेने के बाद ODI गेंदबाजों की रैंकिंग में 12 स्थान ऊपर चढ़कर 10वें नंबर पर पहुंच गए हैं। यह उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article