Shreyas Iyer IPL Record: कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के कप्तान श्रेयस अय्यर को बेशक टी20 विश्व कप 2024 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम में जगह नहीं मिली, लेकिन इस धुरंधर खिलाड़ी ने आईपीएल में वो कर दिखाया है जो आज तक कोई भी केकेआर का कप्तान हासिल नहीं कर सका। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स को अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंचाते हुए सबसे पहले प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करवाया है।
पंजाब किंग्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल मुकाबले में जो हार मिली उससे इन दोनों टीमों को कुछ हासिल नहीं हुआ, लेकिन इससे कोलकाता नाइट राइडर्स को जरूर एक फायदा हो गया। इससे ये तय हो गया कि कोलकाता नाइट राइडर्स अब आईपीएल 2024 की अंक तालिका में शीर्ष पर ही रहेगी।
गौरतलब है कि केकेआर सबसे पहले प्लेऑफ में जगह बनाने वाली टीम बन गई थी लेकिन शीर्ष स्थान पर बने रहने का फैसला बाकी था, अब वो भी तय हो चुका है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने 9 जीत और 3 हार के बाद 19 अंक लेकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर अपना कब्जा अब पुख्ता कर लिया है। अब कोई भी टीम इस स्थान पर नहीं आ सकती।
इसके साथ ही श्रेयस अय्यर कोलकाता नाइट राइडर्स के इतिहास के पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं जिसने टीम को लीग स्टेज में शीर्ष स्थान दिलाया और उसी के साथ अंत किया। वैसे अभी भी कोलकाता का एक मैच बाकी है और वे 21 अंकों तक भी पहुंच सकते हैं।
इससे पहले कोलकाता ने दो आईपीएल खिताब गौतम गंभीर की कप्तानी में जीते थे, उन दोनों ही मौकों पर कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम दूसरे नंबर पर रहते हुए प्लेऑफ में पहुंची थी। वे 2011, 2016, 2018 और 2021 में प्लेऑफ में पहुंच चुके थे जिसमें 2021 सीजन के दौरान वो अंक तालिका में चौथे स्थान पर रहने के बावजूद बाद में फाइनल में पहुंचे थे।
