क्रिकेट

GT vs PBKS Highlights: 3 रन से शतक न पूरा करने वाले अय्यर ने दी पहली प्रतिक्रिया

GT vs PBKS Highlights: गुजरात के खिलाफ अपने पहले मैच में पंजाब किंग्स ने जीत के साथ शुरुआत की। इस मुकाबले के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर हुई कि क्यों अय्यर ने अपना शतक पूरा नहीं किया। इस सवाल का जवाब खुद कप्तान ने दिया। उन्होंने टीम के हित को पहले रखने की बात दोहराई।

Image

श्रेयस अय्यर की पहली प्रतिक्रिया (साभार-X)

GT vs PBKS Highlights: नए कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में पंजाब किंग्स ने जीत के साथ आईपीएल के 18वें सीजन का आगाज किया। हर पल करवट बदलते इस मुकाबले में आखिरकार पंजाब 11 रन से विजयी रही, लेकिन इस मुकाबले को लेकर सबसे बड़ी चर्चा श्रेयस अय्यर का शतक न पूरा करना है। आखिरी ओवर में अय्यर के पास अपना पहला आईपीएल शतक पूरा करने का मौका था, लेकिन उन्होंने टीम को तरजीह दी और 42 गेंद में 97 रन की पारी खेलकर नाबाद लौटे। मैच के बाद पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि एक नयी फ्रेंचाइजी के कप्तान के तौर पर अपने डेब्यू मैच में नाबाद 97 रन बनाना ‘सोने पर सुहागा’ जैसा था।

अय्यर ने नौ छक्कों और पांच चौकों की मदद से केवल 42 गेंदों पर नाबाद 97 रन बनाये, जिससे पंजाब किंग्स ने पांच विकेट पर 243 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में गुजरात टाइटंस पांच विकेट पर 232 रन ही बना सकी। पहले बल्लेबाजी करते हुए आईपीएल में पंजाब का यह सर्वाधिक स्कोर है।

अय्यर ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा, ‘‘ ईमानदारी से कहूं तो मैं बहुत खुश हूं। पहले मैच में 97 रन (नाबाद) बनाना हमेशा ही सोने पर सुहागा होता है। इससे बेहतर कोई एहसास नहीं हो सकता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ मेरे लिए जिम्मेदारी लेकर खुद को इन परिस्थितियों में ढालना महत्वपूर्ण था। मैंने पहली गेंद पर चौका जड़ा और इससे मेरा मनोबल बढ़ा। रबाडा की गेंद पर छक्का लगाने के बाद मेरी लय बदल गयी थी। ’’ अय्यर ने टीम के लिए बल्ले से अहम योगदान देने के लिए शशांक सिंह और प्रियांश आर्य की तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘‘ कुछ अतिरिक्त उछाल भी था। मुझे लगता है कि हमने जल्दी से खुद को ढाल लिया। आप देखिए, शशांक ने 16 या 17 गेंदों पर 44 रन बनाए। हमें पता था कि ओस आने के साथ परिदृश्य बदल जाएगा। शुक्र है कि हम अपनी योजना पर खरे उतरे।’’

अय्यर ने आखिरी ओवरों में शानदार गेंदबाजी करने वाले में विजयकुमार वैशाख और अर्शदीप सिंह के प्रयासों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ‘‘ वैशाख के बाद पास बहुत सी खूबियां हैं। उसका रवैया सकारात्मक रहना है। मुझे लगता है कि अर्शदीप ने एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि गेंद थोड़ी रिवर्स स्विंग हो रही है और हमें लार से मदद मिल रही है।’’

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि उनके गेंदबाजों ने पहले हाफ के आखिर में बहुत ज़्यादा रन दिए। उन्होंने कहा, ‘‘जब हम गेंदबाजी और बल्लेबाजी कर रहे थे, तब हमें मौके मिले। पारी के आखिरी हिस्से में हमने बहुत ज़्यादा रन दिए।’’ उन्होंने कहा, "बीच के उन तीन ओवरों में हमने लगभग 18 रन बनाए। इसके अलावा, पहले तीन ओवरों में हमने ज्यादा रन नहीं बनाए थे। इसकी वजह से हम मैच हार गए।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article