Womens Asia Cup 2024, Shreyanka Patil Injury Updates: टीम इंडिया ने महिला एशिया कप 2024 में जीत के साथ आगाज किया। हरमनप्रीत कौर की टीम ने अपने पहले मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी टीम पाकिस्तान को पटखनी देकर जीत का स्वाद चखा। रविवार को टीम इंडिया का सामना यूएई से होना है, लेकिन इस मुकाबले के शुरू होने से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा। टीम की स्टार ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल चोटिल होने के कारण टूर्नामट से बाहर हो गईं। पाकिस्तान मुकाबले के दौरान श्रेयंका पाटिल चोटिल हो गई थीं। मैच में कैच लेने की कोशिश करते समय उन्हें चोट लग गई थी। ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल उंगली में फ्रैक्चर के कारण टूर्नामेंट के बाकी बचे मैचों से बाहर हो गईं। उनकी जगह तनुजा कंवर को टीम में शामिल किया जाएगा।
दो विकेट चटकाने में सफल रही थीं श्रेयंका
श्रेयंका पाटिल ने पाकिस्तान के खिलाफ घातक गेंदबाजी कर दो महत्वपूर्ण विकेट चटकाए थे। उन्होंने 3.2 ओवर में 4.20 की इकोनॉमी से महज 14 रन देकर दो विकेट चटकाए थे। उन्होंने पहला विकेट आलिया रियाज का लिया था। श्रेयंका ने आलिया रियाज को जेमीमा के हाथों कैच आउट कराया था। वहीं, उन्होंने दूसरा सादिया इकबाल का लिया था। उनको बोल्ड कर पवेलियन भेजा था।
टॉप विकेटटेकर थीं श्रेयंका
श्रेयंका पाटिल ने महिला प्रीमियर लीग में शानदार गेंदबाजी कर सबसे ज्यादा विकेट चटकाए थे। उन्होंने 8 मैचों में 7.30 की इकोनॉमी से 13 विकेट लिए थे। इसके साथ ही वे टॉप विकेटटेकर की लिस्ट में टॉप पर रही थीं। उनके इस प्रदर्शन की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने खिताब पर कब्जा जमाया था।
