क्रिकेट

मुझे खेलना चाहिए या नहीं, सूर्या ने सुनाई टीम में ना चुने जाने की आपबीती

सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम में ना चुने जाने का किस्सा सुनाया है। उन्होंने आकाश चोपड़ा के साथ बातचीत के दौरान इसका खुलासा किया। सूर्या की जगह श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी गई।

Image

सूर्यकुमार यादव (साभार-X)

भारत को 2026 टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी दिलाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव को टीम से ड्रॉप कर दिया गया था। अब इस पर सूर्या ने प्रतिक्रिया दी है और बताया है कि वह टीम मैनेजमेंट के इस फैसले से पूरी तरह हैरान थे। टी20 वर्ल्ड कप के बाद जब आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टी20 टीम चुनी गई तो उसमें सूर्या को कप्तानी से तो हटाया ही गया, बल्कि टीम में भी उनका नाम नहीं था। सूर्या की जगह श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी गई।

हालांकि, अय्यर को आयरलैंड और इंग्लैंड दोनों के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। अब जाकर सूर्या ने आकाश चोपड़ा से हुई बातचीत में बताया है कि जब उनका नाम टीम में नहीं आया तो उनके दिमाग में क्या चल रहा था? सूर्या ने कहा 'मैं 40-50 दिन घर पर बैठा रहा। मैं हैरान था और कुछ नहीं कर रहा था। मैं सोच रहा था कि अब मुझे क्या करना चाहिए? क्या मुझे खेलना चाहिए या नहीं? मेरे दिमाग में बहुत कुछ चल रहा था।

इससे निकलने में मेरी पत्नी ने मदद की। एक दिन उसने मुझसे कहा, 'जरा सोचो कि तुमने 20 साल पहले यह खेल खेलना क्यों शुरू किया? क्योंकि तुम इस खेल को पसंद करते थे और फिर से वही जुनून जगाओ। सूर्या ने कहा, जब मुझे पता चला कि टीम में मेरा नाम नहीं है तो मुझे हंसी आ गई। मैंने इन दो सालों में जो भी क्रिकेट खेला, जब भी मैं दबाव में था और चीजें मेरे पक्ष में नहीं जा रही थीं, मैंने हमेशा मुस्कुराया है।"

टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बात करें तो सूर्यकुमार भारत के तीसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 113 मैचों में 36.35 की औसत और 162.94 के स्ट्राइक रेट से 3,272 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने चार शतक और 25 अर्धशतक जड़े हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 117 है। हालांकि, टी20 विश्व कप 2024 के बाद, बल्ले से उनका फॉर्म फीका पड़ गया। 2024 के बाद से सूर्या ने 42 पारियों में 25.88 की औसत और 152.00 की स्ट्राइक रेट से 932 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने छह अर्धशतक जड़े।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article