क्रिकेट

Shoaib Malik-Sania Mirza Divorce: हो गया खुलासा, जानिए कब और कहां हुआ सानिया मिर्जा और शोएब मलिक का तलाक

Shoaib Malik Sania Mirza Divorc: जानिए कब, कहां और क्यों हुआ सानिया मिर्जा और शोएब मलिक के बीच तलाक। कब से दोनों के रिश्तों में चल रहा था तनाव, रिश्ते को बचाने के लिए किस-किस ने की कोशिश?

Image

शोएब मलिक और सानिया मिर्जा

नई दिल्ली: पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक के तीसरे निकाह की शनिवार सुबह आई खबर ने सबको हैरान कर दिया। हर किसी के मन में ये सवाल उठा कि सानिया मिर्जा को तलाक दिए बगैर शोएब मलिक ने पाकिस्तानी अभिनेत्री सना जावेद के साथ निकाह कर लिया। लेकिन शाम होते-होते स्थिति साफ होती गई और पता चला कि शोएब और सानिया के बीच तलाक साल 2022 के आखिर में हो गया था। दोनों में से किसी ने समझौते के तहत सार्वजनिक रूप से एक दूसरे से अलग होने की बात को स्वीकार नहीं किया और ना ही खुलासा किया। हालांकि इस बात की अटकलें लगातार लगती रहीं।

इसलिए टूटा सानिया के सब्र का बांध

जियो टीवी के सूत्रों के मुताबिक, 37 वर्षीय सानिया मिर्जा को शोएब मलिक का दूसरी महिलाओं से मिलना जुलना और करीबी पसंद नहीं थी। वो लंबे समय तक इस बात को नजरअंदाज करती रहीं। लेकिन उन्होंने पति शोएब से अलग होने का कदम सब्र का बांध टूटने के बाद उठाया।

निकाह में नहीं था शोएब का परिवार

शोएब मलिक ने सना जावेद के साथ निकाह किया। लेकिन इस मौके पर उनके परिवार का कोई सदस्य निकाह सेरेमनी में शरीक नहीं हुआ। सूत्रों के मुताबिक शोएब का परिवार सानिया मिर्जा के साथ रिश्ता टूटने से खुश नहीं था। शोएब मलिक के जीजा इमरान जफर ने कहा कि उन्हें भी निकाह के बारे में सोशल मीडिया के जरिए ही जानकारी मिली। उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि परिवार का कोई सदस्य निकाह में शरीक नहीं हुआ।

2022 के आखिर में हुए अलग, नाकाम रही सुलह की कोशिश

सूत्रों के मुताबिक, साल 2022 के आखिर में शोएब और सानिया के परिवार दुबई में उनकी शादी-शुदा जिंदगी के खराब मसले को सुलझाने के लिए इकट्ठा हुए थे। शोएब का परिवार तलाक के पक्ष में नहीं था। लेकिन बात नहीं बनी और दोनों ने अलग होने का फैसला किया। शोएब मलिक का परिवार दोनों के अलग होने के फैसले से खुश नहीं था और उन्होंने शोएब से अपने रिश्ते को बेहतर करने को कहा।

सानिया के पिता ने कहा, तलाक नहीं 'खुला' हुआ

जियो टीवी के सूत्र के मुताबिक शोएब और सना पिछले कुछ समय से एक दूसरे को डेट कर रहे थे। एक रियलिटी टीवी शो में भी वो साथ नजर आए थे। शोएब मलिक के तीसरे निकाह की खबर सामने आने के बाद सानिया मिर्जा के पिता सामने आए और स्थिति स्पष्ट की। शोएब के पिता ने कहा कि दोनों के बीच तलाक नहीं खुला हुआ है। 'खुला'मुस्लिम महिलाओं को एकतरफा तलाक का अधिकार देता है। मुस्लिम समुदाय में तलाक पति देता है। अगर पत्नी अलग होने की पहल करती है तो उसे खुला कहते हैं।

सानिया और शोएब का निकाह हैदराबाद में साल 2010 में हुआ था। साल 2018 में सानिया ने बेटे इजान को जन्म दिया। साल 2022 से ही दोनों के बीच रिश्ते ठीक नहीं होने की खबरें आ रही थीं। दोनों एक साथ भी नजर नहीं आते थे। बेटे के जन्मदिन पर ही दोनों एक साथ दिखाई दिए।

TNN Sports Desk
TNN स्पोर्ट्स डेस्क author

खेलों की रोचक दुनिया में हर दिन, हर पल नए कारनामे और हलचल होती हैं। अगर आपकी खेलों में रुचि है और आप दुनियाभर की खेल गतिविधियों के पल-पल के अपडेट्स, घटनाओं और रिकॉर्ड्स से अपडेट रहना चाहते हैं, तो आपको इस प्लेटफॉर्म पर ये सबकुछ एक साथ मिल जाएगा। यहां न केवल आपको नई और रोचक जानकारियां मिलेंगी बल्कि खेल की दुनिया को देखने और समझने का एक नया नजरिया भी मिलेगा। तो आप भी टाइम्स नाउ नवभारत के स्पोर्ट्स सेक्शन से जुड़ें और रोजाना खेल की जोश, रोमांच, उत्साह और प्रतिस्पर्धा भरी दुनिया के रोचक अपडेट्स के साथ अपने दिन को शानदार बनाएं।

और पढ़ें
End of Article