क्रिकेट

शोएब अख्तर ने ली रावलपिंडी टेस्ट में पाकिस्तानी गेंदबाजों की बदहाली पर चुटकी

  • Authored by: नवीन चौहानWritten by: नवीन चौहान
  • Updated Dec 2, 2022, 10:00 AM IST

रावलपिंडी टेस्ट के पहले दिन पाकिस्तानी गेंदबाजों की इंग्लैंड के खिलाफ जमकर कुटाई होने के बाद शोएब अख्तर ने चुटकी लेते हुए कहा है कि इंग्लैंड के खिलाड़ी बीमार थे तो पांच सौ रन जड़ दिए अगर ठीक होते तो क्या करते?

Image

शोएब अख्तर

रावलपिंडी: पाकिस्तान के पूर्व धाकड़ तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने रावलपिंडी टेस्ट के पहले दिन इंग्लैंड के खिलाफ मेजबान टीम की बदहाली पर चुटकी ली है। इंग्लैंड की टीम ने पहले दिन पाकिस्तानी गेंदबाजी के छक्के छुड़ा दिए और 75 ओवर में 4 विकेट पर 506 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। सबसे रोचक बात यह है कि इंग्लैंड के चार बल्लेबाज शतक जड़ने में सफल रहे।

रावलपिंडी टेस्ट से एक दिन पहले खबर आई थी कि इंग्लैंड की टीम के 14 खिलाड़ी बीमार हो गए हैं और इस वजह से मैच को आगे बढ़ाया जा सकता है। लेकिन गुरुवार को इंग्लैंड टीम मैनेजमेंट ने बताया कि उनके 11 खिलाड़ी फिट हैं और वो पहले टेस्ट के लिए मैदान में उतरने को तैयार हैं।

तबीयत खराब में ये हाल किया अगर...

ऐसे में पहले दिन इंग्लैंड के धमाकेदार बल्लेबाजी प्रदर्शन के बाद शोएब अख्तर ने पाकिस्तान की चुटकी लेते हुए कहा, शुक्र है कि इंग्लैंड की टीम की अभी तबीयत खराब है जैसी रिपोर्ट आ रही थीं। जब तबीयत ठीक नहीं है तब 500 मार दिए, ठीक होती तो बहुत बुरा हाल करते।

टेस्ट गेंदबाज बनने के लिए करनी पड़ती है कड़ी मेहनतपाकिस्तानी गेंदबाजी आक्रमण की आलोचना करते हुए शोएब ने कहा, ये सभी तेज गेंदबाज टी20 के हैं। टेस्ट गेंदबाज बनने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। लेकिन जो विकेट है उससे गेंदबाजों को बिलकुल मदद नहीं मिल रही है। अगर आपको बराबरी के लिए खेलना है या ड्रॉ के लिए खेलना है तो भी उनके सात सौ रन हो जाएंगे। आपको दो पारियां खेलनी पड़ सकती हैं। हमें पाकिस्तानी क्रिकेट के बारे में बहुत कुछ सोचना होगा। ऐसा हाल देखना बहुत दुखद है।

इंग्लैंड ने टेस्ट क्रिकेट में भी शुरू कर दिया है मारना

इंग्लैंड के कोच ब्रैंडन मैकुलम की तारीफ करते हुए शोएब ने कहा, इनका जो कोच है ना वो मारने पर बिलकुल यकीन नहीं कि इस तरह टेस्ट क्रिकेट खेली जाए रुक-रुक के। जब से वो कोच बने हैं इंग्लैंड ने टेस्ट क्रिकेट में भी मारना शुरू कर दिया है। उनका जो डेब्यूटेंट है लिविंगस्टोन वो सातवें नंबर पर आ रहा है। उनकी बैटिंग लाइनअप बेहद जबरदस्त है। वो हर गेंद पर रन बनाकर खेलना चाहते हैं। ऐसे में मुझे लगता है कि पाकिस्तान को भी अपना टेस्ट क्रिकेट खेलने का माइंडसेट बदलना चाहिए।

अंत में शोएब ने कहा, हमारी टीम अभी बच्चों की टीम है। उन्हें नहीं डरना चाहिए। वो अच्छे बच्चे हैं मैं सारे खिलाड़ियों से मिला भी हूं। टेस्ट क्रिकेट आसान नहीं होती है। हमें यह समझना होगा कि पाकिस्तान टेस्ट क्रिकेट में कहां खड़ा है। लेकिन हमारे बच्चों की जमकर धुलाई हुई यह देखना बेहद दुखद है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article