पुणे:टी20 विश्व कप 2024 में टीम इंडिया के विश्व विजय अभियान में मिडिल ऑर्डर की कमान संभालने वाले ऑलराउंडर शिवम दुबे ने चोट से उबरने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धमाकेदार वापसी की है। इंग्लैंड के खिलाफ पुणे में शुक्रवार को खेले गए सीरीज के चौथे मुकाबले में शिवम ने मुश्किल से टीम इंडिया को उबारा और टीम को 181 रन के स्कोर तक हार्दिक पांड्या के साथ छठे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी करके पहुंचाया।
तीन महीने बाद की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धमाकेदार वापसी
बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के ग्वालियर में खेले जाने वाले सीरीज के पहले मुकाबले से पहले शिवम दुबे चोटिल हो गए थे। उसके बाद से वो टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे। इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज के लिए उन्हें टीम में नीतीश रेड्डी के चोटिल होने के बाद शामिल किया गया था। लेकिन उन्हें मैदान पर उतरने का मौका पुणे में मिला। तकरीबन तीन महीने बाद मैदान में उतरकर शिवम दुबे ने 31 गेंद में 7 चौके और 2 छक्के की मदद से अर्धशतक पूरा किया। भारतीय पारी में आउट होने वाले शिवम आखिरी बल्लेबाज रहे। पारी की आखिरी गेंद पर जोस बटलर ने उन्हें रन आउट कर दिया। दुबे 34 गेंद में 53 रन बना सके। उन्होंने 155.88 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए।
हार्दिक के साथ की अर्धशतकीय साझेदारी
शिवम दुबे जब बल्लेबाजी करने उतरे तब टीम इंडिया ने 7.2 ओवर में 57 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद 79 के स्कोर पर पांचवां विकेट भी टीम ने गंवा दिया। ऐसे में शिवम को दूसरे छोर से हार्दिक का साथ मिला। दोनों ने मिलकर छठे विकेट के लिए 32 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरा की। दोनों ने स्कोर को 166 रन तक पहुंचाया। 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर 87 (45) रन की साझेदारी टूट गई। इसके बाद भी शिवम दुबे अंत तक पिच पर डटे रहे। उन्होंने 31 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया और टीम को 9 विकेट पर 181 रन के स्कोर तक पहुंचाने के बाद वापस पवेलियन लौटे।
