ऑकलैंड: भारतीय टीम (India Cricket team) ने इस साल जिंबाब्वे दौरे पर अंतिम समय में शिखर धवन (Shikhar Dhawan) को कप्तान के रूप में केएल राहुल (KL Rahul) से रिप्लेस कर दिया था। धवन को शुरूआत में तीन मैचों की सीरीज के लिए कप्तान बनाया गया था, लेकिन केएल राहुल ने वापसी करने के बाद उन्हें रिप्लेस कर दिया। शिखर धवन ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि उन्हें इसका जरा भी दुख नहीं है।
शिखर धवन का विचार है कि राहुल को कप्तान बनाकर सही किया गया क्योंकि यूएई में हुए एशिया कप में उन्हें कप्तानी करने की जरूरत पड़ सकती थी। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले इस मामले पर अपने विचार खुलकर रखे।
धवन ने मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कांफ्रेंस में कहा, 'सबसे पहले तो मैं भाग्यशाली हूं कि अपने करियर के इस चरण में भारत का नेतृत्व कर रहा हूं और चुनौती व मौका पाकर अच्छा महसूस होता है। हमने युवा टीम के साथ कई सीरीज जीती। केएल राहुल प्रमुख टीम के उप-कप्तान हैं और जब वो चोट से लौटे तो उन्हें कप्तानी मिली।'
उन्होंने आगे कहा, 'मुझे महसूस हुआ कि अगर एशिया कप के दौरान रोहित शर्मा चोटिल हुए तो राहुल को शायद कप्तानी करनी पड़े। तो इसलिए वो सही चीज लगी थी। मुझे दुख नहीं हुआ क्योंकि मेरे ख्याल से यह भगवान की योजना है और सभी के लिए अच्छा है। मैंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में कप्तानी की और यह चयनकर्ताओं के कारण हुआ। तो मुझे बुरा नहीं लगा।'
शिखर धवन ने 9 वनडे और तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों में भारतीय टीम की कमान संभाली, जिसमें आठ मैचों में जीत मिली। 2022 में शिखर धवन ने 6 मैचों में कप्तानी की, जिसमें से भारत ने 5 जीत दर्ज की। भारत और न्यूजीलैंड के बीच शुक्रवार को ऑकलैंड के ईडन पार्क में तीन मैचों की सीरीज का पहला वनडे मैच खेला जाएगा।
