क्रिकेट

दो बच्चों की मां और उम्र में 10 साल बड़ी आयशा पर दिल हार बैठे थे शिखर धवन

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jun 9, 2023, 01:47 PM IST

शिखर धवन भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह के जरिए अपनी पहली पत्नी आयशा मुखर्जी से मिले थे। आयशा हरभजन की करीबी दोस्त हैं जिन्होंने इनकी शादी में अहम भूमिका निभाई।

Image

Shikhar Dhawan And Aesha Mukerji

Photo : PTI

Shikhar Dhawan Aesha Mukerji Love Story: दिल्ली की एक अदालत के फैसले के बाद क्रिकेटर शिखर धवन (Shikhar Dhawan) और उनकी प्रेम कहानी फिर चर्चा में हैं। अदालत ने धवन की पूर्व पत्नी आयशा मुखर्जी (Aesha Mukerji) को आदेश दिया है कि वह अपने 9 साल के बेटे को एक पारिवारिक समारोह में भारत लाएं। अदालत ने कहा कि बच्चे पर सिर्फ मां का विशेष अधिकार नहीं होता है। दोनों ने तलाक और बच्चे की कस्टडी को लेकर भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों जगह कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। इस फैसले के बीच हम आपको बता रहे हैं शिखर-आयशा की लव स्टोरी और उनके अलगाव की पूरी कहानी।

बाएं हाथ के बल्लेबाज शिखर धवन की शादी ऑस्ट्रेलिया में रहने वाली आयशा मुखर्जी से करीब 10 साल पहले हुई थी। आइए पहले आयशा मुखर्जी के बारे में जानते हैं। आयशा ऑस्ट्रेलिया में पली-बढ़ी पूर्व किकबॉक्सर हैं। उनका जन्म 27 अगस्त 1975 को भारत में हुआ था और जन्म के कुछ साल बाद ही वह अपने माता-पिता के साथ ऑस्ट्रेलिया चली गईं। उनके पिता बंगाली मूल के हैं, जबकि उनकी मां ब्रिटिश हैं। इस तरह उनके पास दोनों देशों की नागरिकता है।

आयशा मुखर्जी ने ऑस्ट्रेलिया में एक पेशेवर किक बॉक्सर के रूप में करियर बनाया। उन्हें एक ऑस्ट्रेलियाई बिजनेसमैन से प्यार हुआ और इस जोड़े ने 1998 में शादी कर ली। अपने पहले पति से आयशा मुखर्जी की दो बेटियां रिया और आलिया हैं। पति से तलाक के बाद आयशा को दोनों बेटियों की कस्टडी मिल गई। वैवाहिक दिक्कतों के कारण आयशा मुखर्जी ने अपने पहले पति से 2012 में अलग होने का फैसला लिया। उसी साल उन्होंने शिखर धवन से शादी की।

फेसबुक पर हुई मुलाकात

शिखर धवन भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह के जरिए अपनी पहली पत्नी आयशा मुखर्जी से मिले थे। आयशा हरभजन की करीबी दोस्त हैं जिन्होंने इनकी शादी में अहम भूमिका निभाई। शिखर धवन और आयशा मुखर्जी पहली बार 2009 में एक दूसरे से मिले थे और उस समय आयशा शादीशुदा थीं। सबसे पहले धवन ने आयशा को फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी और इसके आधे घंटे बाद ही दोनों में बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। दोनों के शौक काफी मिलते-जुलते थे जिसने इन्हें करीब आने में मदद की। दोनों का खेल के प्रति प्यार और शरीर पर बने टैटू इसकी गवाही देते हैं।

2012 में हुई शादी

शिखर धवन और आयशा मुखर्जी ने 2009 में सगाई की, लेकिन इस जोड़ी ने धवन के क्रिकेट के प्रति समर्पण के कारण शादी को तीन साल तक टालने का फैसला किया। आयशा के साथ शादी के बंधन में बंधने से पहले धवन एक मुकाम हासिल कर लेना चाहते थे। दिलचस्प बात यह है कि शिखर धवन के पिता महेंद्र पाल धवन इस शादी के पक्ष में नहीं थे क्योंकि आयशा मुखर्जी की उम्र शिखर धवन से 10 साल से ज्यादा थी। बताते हैं कि शिखर की मां सुनैना धवन ने अपने पति को इस शादी के लिए मना लिया। आखिर शिखर धवन और आयशा मुखर्जी की 30 अक्टूबर 2012 को शादी हो गई।

9 साल का बेटा जोरावर

शिखर धवन और उनकी पत्नी आयशा मुखर्जी ने 2021 में तलाक ले लिया। कारणों का कभी खुलासा नहीं किया। इस जोड़े ने तलाक के बारे में आज तक कोई बयान नहीं दिया। कई अटकलों के बीच इन्होंने अपनी शादी को खत्म कर दिया। शिखर धवन और आयशा मुखर्जी का एक बेटा है जोरावर जिसका जन्म 2014 में हुआ था। इसी की कस्टडी को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा है और दिल्ली अदालत ने आयशा को जोरावर के साथ भारत आने का आदेश सुनाया है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article