क्रिकेट

शाहिद अफरीदी ने बताई पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पतन की वजह, इस खिलाड़ी के चयन पर उठाए सवाल

Shahid Afridi on Pakistan cricket Team: वनडे में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ी और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी ने टीम के खराब प्रदर्शन पर चिंता व्यक्त की है। उनके मुताबिक टीम मैनेजमेंट के खराब निर्णय इसके लिए पूरी तरह से जिम्मेदार हैं।

Image

शाहिद अफरीदी (फोटो- X)

Shahid Afridi on Pakistan cricket Team: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने शादाब खान की राष्ट्रीय टी20 टीम में वापसी पर सवाल उठाए हैं। अफरीदी ने कहा कि गलत फैसलों की वजह से पाकिस्तान क्रिकेट आईसीयू में पहुंच गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक फैसले योग्यता के आधार पर नहीं लिए जाएंगे, तब तक पाकिस्तान क्रिकेट में सुधार नहीं होगा।

शादाब खान की वापसी पर सवाल

पिछले टी20 विश्व कप (T20 World Cup) के बाद से टीम से बाहर चल रहे शादाब खान को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 श्रृंखला के लिए वापस बुलाया गया है। इसके साथ ही, उन्हें सलमान अली आगा की अगुआई वाली टीम का उप-कप्तान भी नियुक्त किया गया है। इस फैसले पर अफरीदी ने सवाल उठाते हुए कहा, "किस आधार पर उसे वापस बुलाया गया है? घरेलू क्रिकेट में उसका प्रदर्शन क्या रहा है? ऐसा क्या है जो उसे फिर से टीम में चुना गया है?"

योग्यता के आधार पर फैसले नहीं लेने पर चिंता

अफरीदी ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट में तब तक सुधार नहीं होगा, जब तक फैसले योग्यता के आधार पर नहीं लिए जाएंगे। उन्होंने कहा, "हम हमेशा तैयारियों की बात करते हैं, लेकिन जब कोई प्रतियोगिता आती है और हम असफल हो जाते हैं, तो हम इसका इलाज करने की बात करते हैं। सच्चाई यह है कि गलत फैसलों की वजह से पाकिस्तान क्रिकेट आईसीयू में है।"

बोर्ड की नीतियों पर भी सवाल

अफरीदी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की नीतियों और निर्णयों में निरंतरता की कमी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "जब भी कोई नया अध्यक्ष कार्यभार संभालता है, तो वह आकर सब कुछ बदल देता है। बोर्ड के निर्णयों और नीतियों में कोई निरंतरता या एकरूपता नहीं है। हम कप्तान, कोच या कुछ खिलाड़ी बदलते रहते हैं, लेकिन बोर्ड अधिकारियों की जवाबदेही क्या है?"

कोच और कप्तान पर दबाव

अफरीदी ने यह भी कहा कि कोच और कप्तान के सिर पर लगातार तलवार लटकी रहती है, जिससे टीम का प्रदर्शन प्रभावित होता है। उन्होंने कहा, "जब कप्तान और कोच के सिर पर लगातार तलवार लटकी रहती है, तो हमारा क्रिकेट कैसे आगे बढ़ सकता है? कोच को अपनी नौकरी बचाने के लिए खिलाड़ियों पर दोष लगाते देखना दुखद है। इसी तरह, प्रबंधन को अपनी जगह बचाने के लिए खिलाड़ियों और कोच पर दोष लगाते देखना भी दुखद है।"

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article