क्रिकेट

क्या पाकिस्तानी टीम में है दरार? कप्तानी से हटाए गए शाहीन अफरीदी ने दी सफाई

  • Agency by: Agency
  • Updated May 17, 2024, 08:13 PM IST

पाकिस्तान के धाकड़ तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने टी20 विश्व कप 2024 से पहले पाकिस्तानी टीम के अंदर दरार की खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। जानिए शाहीन ने इस बारे में क्या कहा?

Image

शाहीन शाह अफरीदी, बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • पाकिस्तानी टीम में दरार का किया शाहीन अफरीदी ने खंडन
  • कहा हर घर में होती है थोड़ी खटपट
  • एक जुट हुए बगैर नहीं जीत सकते बड़े टूर्नामेंट

कराची: पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने कप्तानी के मुद्दे पर टीम में किसी भी तरह के असंतोष या मनमुटाव से साफ इनकार किया। शाहीन अफरीदी को हटाकर बाबर आजम को फिर से राष्ट्रीय टीम का कप्तान बना दिया गया है। शाहीन अफरीदी ने कप्तानी पद से हटाये जाने से पहले सिर्फ एक सीरीज में टीम का नेतृत्व किया था।

एकजुट हुए बगैर नहीं मिलती है जीत

शुक्रवार को शाहीन अफरीदी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के पोडकास्ट पर बात कर रहे थे और उन्होंने कहा कि एकजुटता के बिना किसी भी बड़े टूर्नामेंट में जीत हासिल करना असंभव है। उन्होंने हालांकि कहा कि प्रत्येक टीम में छुटपुट मतभेद होते रहते हैं लेकिन इन्हें गंभीरता से नहीं लेना चाहिए।

टीम के अंदर नहीं है मतभेद

शाहीन अफरीदी ने कहा,'कभी कभार, छुटपुट मतभेद हर परिवार में होते हैं, यहां तक कि भाईयों में भी। लेकिन हमारी टीम में ऐसा कुछ नहीं है। हमारे खिलाड़ी एक दूसरे की बात सुनते हैं और हम भी उनकी बात सुनते हैं। हमारा काम क्रिकेट खेलना और अपने देश के लिए खुशियां लाना है।'

यह विवादों का नहीं है समय

शाहीन अफरीदी ने कहा,'हमारा लक्ष्य एकजुट होकर खेलना होता है। यह मतभेदों या विवादों का समय नहीं है। यह समय है जब हर किसी को एक ही लक्ष्य पर निगाहें रखनी चाहिए।' पाकिस्तान छह जून को अमेरिका के खिलाफ अपना टी20 विश्व कप अभियान शुरू करेगा।

End of Article