क्रिकेट

दिल्ली की सीनियर टीम के हेड कोच बने रहेंगे पूर्व टेस्ट स्पिनर सरनदीप सिंह

डीडीसीए ने टीम इंडिया के पूर्व ऑफ स्पिनर सरनदीप सिंह को आगामी क्रिकेट सीजन के लिए दिल्ली की सीनियर क्रिकेट टीम का हेड कोच बनाए रखना का फैसला किया है।

Image

विराट कोहली और सरनदीप सिंह (फोटो क्रेडिट Sarandeep Singh X)

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर और राष्ट्रीय चयनकर्ता रह चुके सरनदीप सिंह को दिल्ली पुरुष क्रिकेट टीम के कोच के रूप में बरकरार रखा गया है।

सरनदीप सिंह के साथ सहयोगी स्टाफ के रूप में कुलदीप रावत, वी. अरविंद और क्षितिज शर्मा काम करेंगे। 2000 से 2003 के बीच भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 3 टेस्ट और 5 वनडे खेलने वाले सरनदीप सिंह की कोचिंग में दिल्ली सीनियर क्रिकेट टीम का प्रदर्शन पिछले सीजन मिला-जुला रहा। उनकी कोचिंग में दिल्ली रणजी ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी के नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई करने में विफल रही थी, लेकिन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में टीम ने जगह बनाई थी।

2024 में बने थे दिल्ली के हेड कोच

सरनदीप सिंह को पहली बार 21 सितंबर 2024 को दिल्ली टीम का कोच बनाया गया था। सरनदीप सिंह को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का ज्यादा मौका नहीं मिल सका था। वह उस दौर में भारतीय टीम का हिस्सा बने जब बतौर स्पिनर अनिल कुंबले और हरभजन सिंह स्थापित थे। सरनदीप को टीम इंडिया में पर्याप्त मौके न मिलने का यह बड़ा कारण रहा। घरेलू क्रिकेट में सरनदीप का करियर लंबा रहा। दिल्ली और पंजाब के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले सरनदीप सिंह ने 92 प्रथम श्रेणी मैचों में 314, 77 लिस्ट ए मैचों में 91 और 10 टी20 मैचों में 11 विकेट लिए हैं। भारतीय टीम के लिए 3 टेस्ट में 10 और 5 वनडे में उन्होंने 3 विकेट लिए थे।

सरनदीप को कोच बनाए रखने का हुआ फैसला

घरेलू क्रिकेट में व्यापक अनुभव और बतौर स्पिनर सफलता को देखते हुए ही सरनदीप को बतौर कोच बरकरार रखा गया है। दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ उम्मीद करेगी कि वह अपनी कोचिंग में आगामी सत्र में बड़े टूर्नामेंट में दिल्ली टीम के प्रदर्शन सुधार में बड़ी भूमिका निभाएं।

(फोटो क्रेडिट IANS)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article