क्रिकेट

राजस्थान रॉयल्स की रिटेंशन लिस्ट के पीछे इस खिलाड़ी का बड़ा हाथ, कोच द्रविड़ ने किया खुलासा

Rajasthan Royals IPL 2025 Retention list: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 ऑक्शन से पहले रिलीज की गई रिटेंशन लिस्ट में राजस्थान रॉयल्स ने 6 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। इसके पीछे टीम के कोच राहुल द्रविड़ से ज्यादा कप्तान संजू सैमसन का ज्यादा हाथ था। इसका खुलासा खुद द्रविड़ ने किया है।

Image

राजस्थान रॉयल्स (फोटो- IPL/BCCI)

Rajasthan Royals IPL 2025 Retention list: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के लिए सारी टीमों ने अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी कर दी है। आईपीएल 2008 की विजेता टीम राजस्थान रॉयल्स ने 6 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। इस पर मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने सोमवार को कहा कि निरंतरता, स्थिरता, अपने खिलाड़ियों पर अटूट विश्वास और कप्तान संजू सैमसन से मिले सुझावों ने पूर्व आईपीएल चैंपियन राजस्थान रॉयल्स को अधिकतम छह खिलाड़ियों को रिटेन करने का निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया।सभी फ्रेंचाइजी के पास रिटेन किए गए खिलाड़ियों का नाम सौंपने के लिए अंतिम तिथि 31 अक्टूबर थी।

द्रविड़ ने ‘जियो सिनेमा’ से कहा कि 'हमने तय किया है कि हम सभी छह खिलाड़ियों को रिटेन करेंगे। हम संजू सैमसन, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, रियान पराग, शिमरोन हेटमायर और संदीप शर्मा को रिटेन करेंगे। हमने यह फैसला इसलिए किया क्योंकि हमें अपने खिलाड़ियों की प्रतिभा पर भरोसा है। हमें यह भी भरोसा है कि हम महत्वपूर्ण खिलाड़ियों को बनाए रखना चाहते हैं और उनके साथ आगे बढ़ना चाहते हैं।'

राजस्थान रॉयल्स ने इसीलिए 6 खिलाड़ियों को किया रिटेन

सभी टीम को अधिकतम छह खिलाड़ियों को रिटेन करने की स्वीकृति थी और खिलाड़ियों को रिटेन करने तथा बड़ी नीलामी के लिए कुल मिलाकर 120 करोड़ रुपये का बजट है।छह खिलाड़ियों को रिटेन करने के फायदे पर द्रविड़ ने कहा कि 'जब आप छह खिलाड़ियों को रिटेन करते हैं तो निश्चित तौर पर स्थिरता मिलती है। हम सिर्फ छह खिलाड़ियों को अपने साथ बरकरार रख सकते हैं लेकिन अगर और अधिक को रिटेन कर पाते तो हम निश्चित तौर पर ऐसा करते।'

आरटीएम की बदौलत कुछ नया देखने को मिलेगा- द्रविड़

रॉयल्स ने जोस बटलर, रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल जैसे खिलाड़ियों को रिटेन नहीं किया और अब वे नीलामी में उतरेंगे।बड़ी नीलामी इसी महीने होनी है।द्रविड़ का मानना है कि राइट टू मैच (आरटीएम) कार्ड नियम में बदलाव के कारण विभिन्न टीम को नीलामी के दौरान अधिक लचीलापन दिखाना होगा।द्रविड़ ने कहा कि 'आरटीएम नियम में भी थोड़ा बदलाव हुआ है इसलिए इस नीलामी में हमें निश्चित तौर पर कुछ अलग देखने को मिलेगा। नीलामी में आपको तैयारी और योजना के साथ उतरना होता है लेकिन यहां आपको कुछ लचीलापन दिखाना होगा।'बता दें कि आरटीएम कार्ड के तहत फ्रेंचाइजी में पास पिछले सत्र में अपनी टीम का हिस्सा रहे खिलाड़ी के लिए नीलामी में लगी बोली की बराबरी करते हुए उसे दोबारा अपने पास जोड़ने का मौका होता है।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article