क्रिकेट

क्या श्रीलंका जाएंगे साई सुदर्शन, जानें क्या है इंजरी अपडेट-खेलने की उम्मीद अब भी बरकरार

साई सुदर्शन की इंजरी को लेकर जो जानकारी सामने आ रही है, उसने इस बल्लेबाज की वापसी की उम्मीदें बढ़ा दी है। सुदर्शन टीम इंडिया के साथ फिलहाल श्रीलंका नहीं गए हैं और वो CoE बेंगलुरू में हैं। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज इस हफ्ते से बल्लेबाजी शुरू कर देगा।

Image

साई सुदर्शन (साभार-X)

श्रीलंका दौरे के लिए जो टीम इंडिया चुनी गई थी, उसमें दो नाम शर्तों के साथ रखे गए थे। पहला जसप्रीत बुमराह का और फिर दूसरा नाम बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन का। बुमराह तो सीरीज से बाहर हो गए हैं, लेकिन सुदर्शन को लेकर उम्मीद अब भी बरकरार है। इंजरी से जुड़ी जो नई जानकारी सामने आ रही है, उसने उम्मीदों को पंख लगा दिया है। सुदर्शन टीम इंडिया के साथ फिलहाल श्रीलंका नहीं गए हैं और वो CoE बेंगलुरू में हैं। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज इस हफ्ते से बल्लेबाजी शुरू कर देगा। बीसीसीआई की मेडिकल टीम सुदर्शन के ग्रोथ पर करीबी नजर बनाए रखी है और ऐसी उम्मीद की जा रही है कि वॉर्म-अप मैच के पहले वह पूरी तरह से फिट हो जाएंगे। आपको बता दें कि श्रीलंका के खिलाफ 3 दिवसीय वॉर्म-अप मैच 7 अगस्त से खेला जाएगा।

CoE के एक सूत्र की मानें तो अब भी पूरा जोर उनकी वापसी को लेकर नहीं बल्कि इस बात को लेकर है कि वह पूरी तरह मैच फिट हो जाएं। अगर CoE को लगेगा कि वह फिट हो चुके हैं तो वॉर्म-अप मैच में उन्हें मौका दिया जाएगा। उसके बाद ही आखिरी फैसला लिया जाएगा कि वो पहले टेस्ट में टीम का हिस्सा होंगे या नहीं।

टीम मैनेजमेंट के अनुसार सुदर्शन टीम इंडिया के टेस्ट स्कीम में हैं और उनको लेकर कोई भी जल्दबाजी नहीं की जाएगी। सुदर्शन के अलावा बाकी टीम मंगलवार को कोलंबो पहुंच गई है। वॉर्म-अप मैच 7 अगस्त से जबकि पहला टेस्ट 15 अगस्त से गाले में खेला जाएगा। दूसरा और आखिरी टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा।

भारत का टेस्ट स्क्वॉड- शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन*, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर) रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह*, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर ब्रार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article