क्रिकेट

स्पीड नहीं, पठान ने बताया क्या है पहली बार टीम इंडिया में चुने गए आकिब नबी की असली ताकत

श्रीलंका दौरे के लिए पहली बार टीम इंडिया में शामिल किए गए आकिब नबी के बारे में इरफान पठान ने बात की है। नबी ने 2025-46 रणजी ट्रॉफी सीजन में 64 विकेट लेकर अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी और उन्हें इसी का ईनाम मिला है।

Image

आकिब नबी (साभार-X)

श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया ने दो नए चेहरों को मौका दिया है। सारांश जैन को स्पिन गेंदबाज के तौर पर मौका मिला है तो जम्मू-कश्मीर के गेंदबाद आकिब नबी को जसप्रीत बुमराह के रिप्लेसमेंट के तौर पर चुना गया है। नबी ने पिछले दो सीजन में घरेलू क्रिकेट में कमाल करके दिखाया है। 2025-46 रणजी ट्रॉफी सीजन में उन्होंने 64 विकेट लेकर अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी और अब वो श्रीलंका में दम दिखाने के लिए तैयार हैं। जम्मू एंड कश्मीर क्रिकेट पर पैनी नजर रखने वाले इरफान पठान ने बताया कि इस दौरे पर नबी कमाल कर सकते हैं। पठान का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने जा रहे जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी की सबसे बड़ी ताकत तेज रफ्तार नहीं, बल्कि टॉप बल्लेबाजों को रक्षात्मक बल्लेबाजी के दौरान गलती करने पर मजबूर करने की क्षमता है।

2018 में पठान ने पहचानी थी प्रतिभा

इरफान पठान ने 2018 में श्रीनगर में हुए ट्रायल के दौरान पहली बार आकिब नबी की प्रतिभा पहचानी थी। उन्होंने बाद में जम्मू-कश्मीर के युवा क्रिकेटरों को मार्गदर्शन भी दिया। उनका मानना है कि नबी की स्वाभाविक गेंदबाजी शैली, कलाई की स्थिति और गेंद को मूव कराने की क्षमता उन्हें बिना तेज रफ्तार के भी प्रभावी बनाती है। पठान ने ’पीटीआई’ से बातचीत में कहा, ’’गेंद को स्विंग कराने के लिए आदर्श रफ्तार लगभग 135 किलोमीटर प्रति घंटा होती है। अगर आप गेंद को देर से स्विंग करा सकते हैं तो आप सफल हो सकते हैं।’’ उन्होंने कहा, ’’उसकी लय और गेंदबाजी एक्शन को देखते हुए मेरा मानना है कि वह नियमित रूप से 133-135 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार हासिल कर सकता है।’’

डिफेंस के लिए मजबूर करते हैं नबी

पठान के अनुसार तेज गति गेंदबाजी का केवल एक हिस्सा है। असली क्षमता यह है कि गेंदबाज किस तरह विश्वस्तरीय बल्लेबाजों को रक्षात्मक शॉट खेलने के लिए मजबूर करता है और फिर उन्हें आउट करने का रास्ता निकालता है। उन्होंने कहा, ’’क्या गेंदबाज में यह क्षमता है कि वह शीर्ष स्तर के बल्लेबाजों को डिफेंस करते हुए भी आउट कर सके? यही वह खूबी है जिसकी तलाश होती है।’’ पठान ने इस साल रणजी ट्रॉफी फाइनल का उदाहरण देते हुए कहा कि नबी ने कर्नाटक के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी की बढ़त के आधार पर ऐतिहासिक खिताब जीता।

केएल राहुल को किया था परेशान

इरफान पठान ने केएल राहुल का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, ’’रणजी ट्रॉफी फाइनल में हमने देखा कि उसने अनुभवी लोकेश राहुल को परेशान किया। भले ही उसे विकेट नहीं मिला, लेकिन उसने बल्लेबाज को सामान्य तरीके से रक्षात्मक बल्लेबाजी करने पर मजबूर किया और फिर आउट किया।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article