क्रिकेट

बेंगलुरू भगदड़ को लेकर सचिन से लेकर डिविलियर्स तक, क्रिकेट जगत ने जताया शोक

Cricket Fraternity reactions on Bengaluru Stampede: आईपीएल में आरसीबी की खिताबी जीत के बाद बेंगलुरू में उसके जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर 11 लोगों की मौत पर क्रिकेट जगत के कई दिग्गजों ने शोक जताया है। यहां जानिए किसने क्या कहा।

Image

सचिन तेंदुलकर सहित कई क्रिकेट दिग्गज बेंगलुरू भगदड़ पर बोले (PTI/AP)

भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर आरसीबी की आईपीएल जीत के जश्न के दौरान 11 लोगों की मौत पर शोक जताते हुए कहा कि यह बहुत ही भयावह त्रासदी है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के 18 साल बाद पहली बार आईपीएल खिताब जीतने के जश्न के दौरान भगदड़ में 11 लोग मारे गए और 30 से अधिक घायल हुए हैं।

तेंदुलकर ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘बेंगलुरू में चिन्नास्वामी स्टेडियम पर जो भी हुआ, वह भयावह है । हर प्रभावित परिवार के प्रति मेरी संवेदनायें । सभी को सुकून और शक्ति मिले।’’

दक्षिण अफ्रीका और आरसीबी के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने लिखा ,‘‘ चिन्नास्वामी स्टेडियम पर हुई इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के प्रति मेरी संवेदनायें और प्रार्थना।’’

भारत के पूर्व कप्तान और कोच और बेंगलुरू के रहने वाले अनिल कुंबले ने इसे क्रिकेट के लिये दुखद दिन करार दिया । उन्होंने लिखा ,‘‘ क्रिकेट के लिये दुखद दिन । आरसीबी की जीत का जश्न मनाने में अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदना । घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना ।’’

युवराज सिंह ने लिखा ,‘‘जश्न का पल अकल्पनीय त्रासदी में बदल गया । बेंगलुरू हादसे से प्रभावित हर एक के प्रति मेरी संवेदना । दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और उनके परिवार को शक्ति ।’’

आनन फानन में कराये गए समारोह में भाग लेने के लिये भारी संख्या में भीड़ जुटने के कारण यह हादसा हुआ। इस हादसे के बाद आरसीबी ने भी अपना आगे का कार्यक्रम रद्द कर दिया था।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article