क्रिकेट

सचिन तेंदुलकर की बड़ी भविष्‍यवाणी, टी20 वर्ल्‍ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचेंगी ये चार टीमें

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 19, 2022, 03:21 PM IST

Sachin Tendulkar on T20 World Cup 2022 semi finalists: महान बल्‍लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भविष्‍यवाणी करते हुए बताया कि आगामी टी20 वर्ल्‍ड कप के सेमीफाइनल में कौन सी चार टीमें जगह बना सकती हैं। रोहित शर्मा के नेतृत्‍व वाली भारतीय टीम को सचिन तेंदुलकर ने खिताब के लिए प्रबल दावेदार करार दिया है।

Image

सचिन तेंदुलकर

KEY HIGHLIGHTS
  • सचिन तेंदुलकर ने टी20 वर्ल्‍ड कप की चार सेमीफाइनलिस्‍ट चुनी
  • सचिन तेंदुलकर ने भारतीय टीम को खिताब का प्रबल दावेदार बताया
  • सचिन तेंदुलकर ने न्‍यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका को खतरनाक करार दिया

नई दिल्‍ली: महान बल्‍लेबाज सचिन तेंदुलकर ने कहा कि वो चाहते हैं कि रोहित शर्मा के नेतृत्‍व वाली भारतीय टीम टी20 वर्ल्‍ड कप चैंपियन बने और साथ ही उन्‍होंने मौजूदा टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चार टीमों का चयन किया। तेंदुलकर ने भारत, पाकिस्‍तान, इंग्‍लैंड और ऑस्‍ट्रेलिया को सेमीफाइनलिस्‍ट की पसंद बताया। साथ ही तेंदुलकर ने कहा कि न्‍यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका दो ऐसी टीमें हैं, जिनसे विरोधियों को चौकन्‍ना रहने की जरूरत है।

भारतीय टीम 23 अक्‍टूबर को पाकिस्‍तान के खिलाफ अपने टी20 वर्ल्‍ड कप अभियान की शुरूआत करेगी। टीम इंडिया ने घरेलू जमीन पर ऑस्‍ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका को टी20 इंटरनेशनल सीरीज में मात देने के बाद टी20 वर्ल्‍ड कप में आई। भारतीय टीम ने 2007 में टी20 वर्ल्‍ड कप खिताब जीता था। तब भारत ने फाइनल में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्‍तान को मात दी थी।

सचिन तेंदुलकर के हवाले से स्‍पोर्ट्स्‍टार ने कहा, 'चैंपियंस। मैं चाहता हूं कि भारत चैंपियन बने, लेकिन मेरी टॉप-4 भारत, पाकिस्‍तान, इंग्‍लैंड और ऑस्‍ट्रेलिया हैं। न्‍यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका डार्क होर्स हैं क्‍योंकि उन्‍हें स्थितियों का अंदाजा है। सितंबर-अक्‍टूबर में आप इसी तरह की स्थितियों से गुजरते हैं।' भारतीय टीम को टी20 वर्ल्‍ड कप में जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा की सेवाएं नहीं मिल सकी है, जिससे उसके खिताब की उम्‍मीदों को तगड़ा झटका लगा है। बुमराह पीठ में स्‍ट्रेस रिएक्‍शन जबकि जडेजा घुटने की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हुए।

सचिन तेंदुलकर ने कहा कि पिछले संस्‍करण की रनर्स-अप न्‍यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका से टूर्नामेंट में चौकन्‍ना रहने की जरूरत है। मास्‍टर ब्‍लास्‍टर ने कहा, 'पिच ज्‍यादा या कम एक जैसी होगी। इस वजह से मैंने ऐसा कहा। मगर टॉप-4 तो वो हैं और ये दो टीमें डार्क होर्स हैं, जो पीछे के दरवाजे से एंट्री कर सकती हैं।'

अभिषेक निगम
अभिषेक निगमauthor

अभिषेक निगम टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल में खेल सेक्शन से जुड़े हैं। अभिषेक को मैच का विश्लेषण करना बेहद पसंद हैं। इसके अलावा इन्हें खेल की बारीकियों पर ध्यान देने या फिर उन्हें सीखने में बड़ा आनंद आता है। पत्रकारिता में 6 साल से ज्यादा का अनुभव रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article