क्रिकेट

रेयान टेन डोएशे ने बताया दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज जीतने को क्यों बेताब है टीम इंडिया

टीम इंडिया के सहायक कोच रेयान टेन डोएशे ने विशाखापट्टनम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले की पूर्व संध्या से पहले बताया है कि भारतीय टीम प्रोटियाज के खिलाफ सीरीज जीतने के लिए क्यों बेताब है?

Image

भारतीय क्रिेकट टीम

Photo : AP

विशाखापट्टनम: सहायक कोच रेयान टेन डोएशे ने शुक्रवार को कहा कि टेस्ट श्रृंखला में उम्मीद से खराब प्रदर्शन के कारण भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा वनडे श्रृंखला जीतने के लिए कुछ हद तक ‘बेताब’ है। भारत हाल ही में दक्षिण अफ्रीका से से दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला 0-2 से हार गया था और वनडे श्रृंखला अब 1-1 से बराबर है। डोएशे ने एकदिवसीय श्रृंखला के निर्णायक तीसरे वनडे की पूर्व संध्या पर कहा,'खिलाड़ियों का यह एक बहुत ही अलग समूह है, लेकिन खिलाड़ी अपनी जिम्मेदारी को लेकर पूरी तरह से जागरूक है।'

हम चाहते हैं सीरीज जीतना

लोकेश राहुल की कप्तानी में भारतीय टीम ने रांची में पहला वनडे 17 रन से जीता लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने रायपुर में चार विकेट की जीत से शानदार वापसी की। डोएशे ने कहा,'हम हमेशा जीतना चाहते हैं। जब कुछ हार का सिलसिला शुरू हो जाता है और प्रदर्शन हमारी अपेक्षा से कम हो जाता है तो निश्चित तौर पर मुझे लगता है कि यह श्रृंखला के दृष्टिकोण से थोड़ी हताशा है।'

ऐसी परिस्थिति में होता है दबाव

डोएशे ने हालांकि कि कहा कि इस टीम के खिलाड़ी ऐसे दबाव भरे हालात से निपटने के आदी हो चुके हैं। उन्होंने कहा,'मुझे नहीं लगता कि इस टीम पर दबाव कभी कम होता है। आप जानते हैं द्विपक्षीय श्रृंखला में जब श्रृंखला दांव पर होती है तो आप दबाव में होते हैं। हम प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित करने की कोशिश करते हैं। हम यह आकलन करने की कोशिश करते हैं कि अच्छा स्कोर क्या होगा और फिर बल्लेबाजी इकाई को उसे हासिल करने के लिए आगे बढ़ना होता है।'

टॉस और ओस निभाएगी मैच अहम भूमिका

नीदरलैंड के इस पूर्व हरफनमौला ने स्वीकार किया कि पिछले दो मैच में ओस ने अहम भूमिका निभाई है और उन्हें पता है कि यह शनिवार के मैच में भी एक कारक हो सकता है। उन्होंने कहा,'ओस के कारण मैच के परिणाम पर बहुत बड़ा फर्क पड़ा है और शनिवार को भी इसका असर दिख सकता है। यहां ओस का कारक बहुत बड़ा है। जाहिर है यह हमारी गलती नहीं है, लेकिन इससे निपटने का कोई रास्ता निकालना हमारी जिम्मेदारी है। मुझे लगता है कि हम अब लक्ष्य का बचाव काफी अच्छे से कर रहे हैं। हमने यह आकलन कर लिया है कि यह काफी छोटी सीमा रेखा वाला एक उच्च स्कोरिंग मैदान है। लेकिन सबसे बड़ी चुनौती फिर से पहले बल्लेबाजी और बाद में बल्लेबाजी के बीच असमानता को दूर करना होगा। यह हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती है।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article