क्रिकेट

IPL 2026, RCB vs LSG Preview: घरेलू मैदान पर लखनऊ के खिलाफ जीत का सिलसिला जारी रखने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू,दबाव में होगी पंत की पलटन

RCB vs SRH IPL 2026 Match no twentythree Preview: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का तेइसवां मैच आज बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरु होगा।। जानिए इस मुकाबले से जुड़ी जरूरी बातें।

Image

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

RCB vs LSG IPL 2026 Match no Twentythree Preview: मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) अब तक अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने में नाकाम रही लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की टीम के खिलाफ बुधवार को बेंगलुरू में होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में अपने बल्लेबाजों से फिर से धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगा। आरसीबी ने अबतक अपने घर पर खेले दो मैच में जीत दर्ज की है और वो इस सिलसिले को लखनऊ के खिलाफ बुधवार को जारी रखना चाहेगी।

तीसरे और सातवें स्थान पर काबिज टीमों के बीच है मुकाबला

आरसीबी अभी छह अंकों के साथ तालिका में तीसरे स्थान पर हैं और चार अन्य टीमें चार-चार अंकों के साथ उसका पीछा कर रही हैं। बेंगलुरु की टीम शीर्ष पर काबिज राजस्थान रॉयल्स से दो अंक और पंजाब किंग्स से एक अंक पीछे है। लेकिन सच्चाई यह है कि आईपीएल के इस सत्र में आरसीबी के बल्लेबाजों ने गेंदबाजों के मन में जितना खौफ पैदा किया है, उतना कोई अन्य टीम नहीं कर पाई है।

आरसीबी के बल्लेबाजों ने किया है धमाकेदार प्रदर्शन

आरसीबी के बल्लेबाजों ने अभी तक एकजुट होकर प्रदर्शन किया है और सभी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह उसके शीर्ष पांच बल्लेबाजों के स्ट्राइक रेट में साफ झलकता है। विराट कोहली (स्ट्राइक रेट 162), फिल साल्ट (178), रजत पाटीदार (214), टिम डेविड (221) और देवदत्त पडिक्कल (201) ने आईपीएल 2026 में सभी टीमों के गेंदबाजों के सामने कड़ी चुनौती पेश की है। इन पांचों बल्लेबाजों ने मिलकर चार मैचों में कुल 52 छक्के जड़े हैं। आईपीएल के इस सत्र में अभी तक आरसीबी ने सर्वाधिक छक्के जड़े हैं और उन्होंने ’रेंज-हिटिंग’ को एक नए स्तर पर पहुंचा दिया है। इसी का नतीजा है कि आरसीबी में वर्तमान सत्र में अभी तक किसी भी मैच में 200 से कम रन नहीं बनाए हैं जिससे उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाजा लगाया जा सकता है।

पट्टी बांधकर अभ्यास के लिए उतरे विराट कोहली

कोहली में मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच के दौरान टखने में हल्की चोट आई थी जिससे इस मैच में उनके खेलने को लेकर अनिश्चितता थी । लेकिन कोहली अपने पैर में पट्टी बांधकर अभ्यास के लिये आये। आरसीबी अपने घरेलू मैदान पर अगले तीन मैच में भी परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाना चाहेगा। वह एलएसजी के बाद दिल्ली कैपिटल्स (18 अप्रैल) और गुजरात टाइटन्स (24 अप्रैल) के खिलाफ यहां मैच खेलेगा। इसके बाद वह अपने अंतिम दो घरेलू मैच रायपुर में खेलेगा।

लखनऊ के गेंदबाजों ने दिखाया है दम, आरसीबी को देंगे चुनौती

लेकिन क्या चिन्नास्वामी स्टेडियम में सुपर जायंट्स के गेंदबाजी आक्रमण से उन्हें किसी तरह की चुनौती का सामना करना पड़ेगा। एलएसजी की तरफ से अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और दिग्वेश राठी ने अब तक प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। शमी की 6.2 की इकॉनमी अब तक नियमित गेंदबाजों में सर्वश्रेष्ठ है, लेकिन इस तिकड़ी को बेंगलुरु की सपाट पिच पर आरसीबी के बल्लेबाजों के खिलाफ सटीक गेंदबाजी करनी होगी। गेंदबाजों के अच्छे प्रदर्शन के बावजूद एलएसजी तालिका में सातवें स्थान पर है और इसका मुख्य कारण उसके बल्लेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन है।

लखनऊ की बल्लेबाजी है कमजोर कड़ी

ऋषभ पंत की अगुवाई वाला बल्लेबाजी क्रम अभी तक लय में नहीं आया है। स्वयं कप्तान पंत चार मैचों में 130 के स्ट्राइक रेट से 103 रन ही बना पाए हैं। मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, निकोलस पूरन जैसे अन्य शीर्ष बल्लेबाज तथा आयुष बडोनी और अब्दुल समद जैसे युवा भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। मुकुल चौधरी ने उम्मीद जगाई है लेकिन उन्हें अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखनी होगी। आरसीबी के गेंदबाजों का प्रदर्शन अभी तक उतार चढ़ाव वाला रहा है और एलएसजी के बल्लेबाज उसकी कमजोरी का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।

बेंगलुरू और लखनऊ की आईपीएल 2026 टीमें (Royal Challengers Bengaluru and Lucknow Super Giants IPL 2026 Full Squads)

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू आईपीएल 2026 की पूरी टीम ( Royal Challengers Bengaluru Full Squad):

रजत पाटीदार (कप्तान), अभिनंदन सिंह, भुवनेश्वर कुमार, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, रसिख डार, सुयश शर्मा, स्वप्निल सिंह, विराट कोहली, वेंकटेश अय्यर, मंगेश यादव, कनिष्क चौहान, विहान मल्होत्रा, विक्की ओस्तवाल, सात्विक देसवाल।

लखनऊ सुपर जायंट्स आईपीएल 2026 की पूरी टीम (Lucknow Super Giants Full Squad):

ऋषभ पंत (कप्तान), एडेन मार्क्रम, हिम्मत सिंह, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, मुकुल चौधरी, अक्षत रघुवंशी, जोश इंग्लिस, मिचेल मार्श, अब्दुल समद, शाहबाज़ अहमद, अर्शिन कुलकर्णी, वानिंदु हसरंगा, आयुष बडोनी, मोहम्मद शमी, अवेश खान, एम. सिद्धार्थ, दिग्वेश सिंह, आकाश सिंह, प्रिंस यादव, अर्जुन तेंदुलकर, एनरिक नोर्किया, नमन तिवारी, मयंक यादव, मोहसिन खान।

मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article