लखनऊ: त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने सीधे गेम में जीत दर्ज करके अपना खिताब बचाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया जबकि चार अन्य भारतीय महिला खिलाड़ियों ने भी गुरुवार को यहां सैयद मोदी इंडिया अंतरराष्ट्रीय सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। अगस्त में विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली त्रीसा और गायत्री की जोड़ी ने एकतरफा मुकाबले में श्रेया बालाजी और प्रणवी नटराजन की हमवतन जोड़ी को 21-9, 21-8 से हराया। महिला एकल में दूसरी वरीय तन्वी शर्मा, तीसरी वरीय उन्नति हुड्डा, अनमोल खरब और तस्नीम मीर ने अलग-अलग अंदाज में जीत दर्ज करके अंतिम आठ में जगह बनाई।
तन्वी ने पहला गेम गंवाने के बाद की धमाकेदार वापसी
तन्वी ने एक गेम से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए इंडोनेशिया की मुटियारा आयु पुस्पितासारी को एक घंटे आठ मिनट तक चले मुकाबले में 18-21, 21-18, 21-18 से हराया। उन्नति ने अमेरिका की इशिका जायसवाल को 21-14, 21-18 से शिकस्त दी जबकि तस्नीम ने उलटफेर करते हुए छठी वरीयता प्राप्त स्कॉटलैंड की कर्स्टी गिल्मोर को 21-19, 21-15 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। अनमोल ने दूसरे दौर के मुकाबले में इस साल कोरिया मास्टर्स का खिताब जीतने वाली अपनी हमवतन और पांचवीं वरीयता प्राप्त अश्मिता चालिहा को 21-16, 21-15 से हराया।
तुषार सुवीर पहुंचे क्वार्टर फाइनल में
पुरुष एकल के शुरुआती दौर में पांचवीं वरीयता प्राप्त जस्टिन होह को हराने वाले तुषार सुवीर ने क्वालीफायर शाश्वत दलाल को 21-14, 21-12 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। पुरुष युगल में हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने मेल कैटोएन और लुकास रेनोयर की फ्रांस की जोड़ी को 21-12, 22-20 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया।
मिश्रित युगल क्वार्टर फाइनल में पहुंचे विराज कुवाले और रुतपर्णा पांडा
मिश्रित युगल में विराज कुवाले और रुतपर्णा पांडा ने फ्रांस के ग्रेगोइरे डेशां और डेनमार्क की इबेन बर्गस्टीन की जोड़ी को 16-21, 21-13, 21-17 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। सात्विक रेड्डी कनापुरम और रेशिका उथायसूरियन की जोड़ी ने भी अपने हमवतन आयुष मखीजा और अनघा अरविंद को 22-20, 21-23, 21-14 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया। हालांकि भव्या छाबड़ा और अदिति भट को कैलम हेमिंग और एस्टेल वान ल्यूवेन की इंग्लैंड की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी के खिलाफ 11-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा।
अश्विनी भट और शिखा गौतम की जोड़ी ने दर्ज की जीत
महिला युगल में अश्विनी भट के और शिखा गौतम की आठवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ने मान्या रहलान और रेशिका उथायसूरियन को 16-21, 21-12, 21-19 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अन्य मुकाबलों में आठवीं वरीय ईशारानी बरुआ को इंडोनेशिया की नी कादेक धिंदा अमर्त्य प्रतिवी ने 21-9, 9-21, 21-17 से हराया। तान्या हेमंत को मलेशिया की वोंग लिंग चिंग के खिलाफ 21-16, 13-21, 17-21 से हार मिली। रक्षित रामराज भी शीर्ष वरीय जापान की रिको गुनजी से 13-21, 19-21 से हारकर बाहर हो गईं।
पुरुष एकल में गिनपॉल सोन्ना ने फ्रांस के छठी वरीयता प्राप्त आरनॉड मर्कल के खिलाफ एक गेम जीता लेकिन उन्हें 5-21, 21-9, 5-21 से हार का सामना करना पड़ा। क्वालीफायर प्रणय शेट्टीगर भी मलेशिया के दूसरी वरीयता प्राप्त ली जी जिया के खिलाफ 11-21, 18-21 से हार गए।
ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी को मिली हार
मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की शीर्ष वरीय जोड़ी को वी यी हर्न और वन्नी गोबी की मलेशिया की जोड़ी ने 22-20, 21-15 से हराकर बाहर कर दिया। ध्रुव रावत और के मनीषा की सातवीं वरीय जोड़ी भी एम नवाफ खोइरियानस्याह और इंदाह चहाया सारी जमील की इंडोनेशिया की जोड़ी के खिलाफ 16-21, 15-21 से हार गई। महिला युगल में तीन अन्य भारतीय जोड़ियों को भी वरीयता प्राप्त प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। प्रिया कोंजेंगबाम और श्रुति मिश्रा को इस्याना स्याहिरा मेइदा और रिंजानी क्विन्नारा नास्तिने की इंडोनेशिया की चौथी वरीय जोड़ी ने 21-10, 21-6 से हराया।
अदिति और श्रावणी वालेकर को हथाइथिप मिजाद और नापापाकोर्न तुंगकासतान की थाईलैंड की पांचवीं वरीय जोड़ी के खिलाफ 18-21, 14-21 से हार मिली। समृद्धि सिंह और अमोलिका सिंह सिसोदिया को मार्गो लैम्बर्ट और कैमिल पोगनांटे की फ्रांस की सातवीं वरीय जोड़ी ने 21-16, 21-10 से शिकस्त दी।
(भाषा)
