IPL Mega Auction 2025: आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस (MI) का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। टीम हार्दिक पांड्या की अगुवाई में केवल 4 जीत दर्ज कर पाई और प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे फिनिश किया। लखनऊ के खिलाफ आखिरी मुकाबले में उसे 18 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस सीजन एमआई के खराब प्रदर्शन के पीछे कई कारण थे और वे आईपीएल 2025 में जोरदार वापसी की उम्मीद करेंगे। लेकिन अगले सीजन से पहले एक मेगा ऑक्शन होना है जिसमें सभी टीम अपने-अपने पसंदीदा खिलाड़ी को शामिल करने के प्रयास में होगी। ऐसे में मुंबई इंडियंस का भी बदला हुआ रुप देखने को मिल सकता है और कुछ खिलाड़ी इस टीम को छोड़ सकते हैं। आइए बात करते हैं उन 3 खिलाड़ियों की जो मेगा ऑक्शन 2025 में मुंबई का साथ छोड़ सकते हैं।

रोहित शर्मा (साभार-IPL)
रोहित शर्मा
इन तीन खिलाड़ियों में सबसे बड़ा नाम रोहित शर्मा का हो सकता है। इसके पीछे बड़ी वजह कप्तानी हो सकती है। रोहित को आईपीएल 2024 से पहले कप्तानी से हटा दिया गया था। वह अभी भी तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया का नेतृत्व कर रहे हैं लेकिन आईपीएल में उन्हें हार्दिक पांड्या के नेतृत्व में खेलना पड़ा।
यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि हार्दिक आईपीएल 2022 और 2023 में एमआई का हिस्सा नहीं थे। फ्रेंचाइजी ने उन्हें आईपीएल 2024 से पहले ट्रेड के माध्यम से वापस लाया। रोहित साल 2011 के बाद पहली बार आईपीएल नीलामी के लिए उपलब्ध रहेंगे।

जसप्रीत बुमराह (साभार-IPL)
जसप्रीत बुमराह
MI ने कप्तानी के लिए जसप्रीत बुमराह के नाम पर विचार नहीं किया और हार्दिक को कप्तान बनाया। यह देखते हुए कि बुमराह टेस्ट टीम के उप-कप्तान हैं और अगले कुछ वर्षों में रोहित की जगह कप्तान बन सकते हैं। इसके बावजूद उन्हें टीम की कप्तानी नहीं सौंपी गई। हालांकि, बुमराह ने कभी भी कप्तानी में बदलाव के बारे में बात नहीं की। उनके एमआई छोड़ने का एक और कारण उनकी सैलेरी है। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज की सैलेरी 12 करोड़ रुपये है और ऑक्शन में वह निश्चित रूप से इससे अधिक पा सकते हैं।

सूर्यकुमार यादव (साभार-IPL)
सूर्यकुमार यादव
इस सूची में तीसरे खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज को आईपीएल 2022 मेगा-नीलामी से पहले एमआई द्वारा रिटेन किया गया था। वर्तमान में उनकी सैलेरी 8 करोड़ रुपये है। ऑक्शन में शामिल होने पर वह दोगुनी रकम कमा सकते हैं। सूर्यकुमार टी20 के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक हैं और वह अकेले अपने दम पर मैच जिता सकते हैं। चूंकि हार्दिक के आईपीएल 2025 में एमआई के कप्तान बने रहने की उम्मीद है, इसलिए सूर्यकुमार उनकी पहली पसंद नहीं होंगे। सूर्यकुमार अगर आईपीएल नीलामी में उतरते हैं तो 15 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर सकते हैं।
