क्रिकेट

IND vs AUS: एडिलेड टेस्ट में हार का रोहित शर्मा ने किसके सिर पर फोड़ा हार का ठीकरा

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड टेस्ट में टीम इंडिया की करारी हार का ठीकरा कप्तान रोहित शर्मा ने जानिए किसके सिर पर फोड़ा।

Image

रोहित शर्मा

Photo : AP

एडिलेड: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (बीजीटी) के दिन-रात्रि दूसरे टेस्ट मैच को गंवाने के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि जसप्रीत बुमराह भी इंसान है और हमेशा अपने दम पर पूरी गेंदबाजी का भार नहीं उठा सकते हैं। रोहित ने बुमराह का साथ देने के लिए टीम के अन्य गेंदबाजों से अपना स्तर ऊंचा करने को कहा। भारत दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया से 10 विकेट से हार गया । बुमराह ने इस दौरान आस्ट्रेलिया की पहली पारी में चार विकेट लिये।

बुमराह दोनों छोर से नहीं कर सकते हैं गेंदबाजी

रोहित ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा,'जसप्रीत बुमराह अकेले जिम्मेदारी नहीं ले सकते। आप उससे दोनों छोर से गेंदबाजी करने की उम्मीद नहीं कर सकते। अन्य गेंदबाजों को भी आगे आकर जिम्मेदारी साझा करने की जरूरत है क्योंकि ऐसे भी दिन आएंगे जब बुमराह को विकेट नहीं मिलेंगे।'

हर्षित राणा ने पहले टेस्ट में नहीं किया कुछ गलत

युवा हर्षित राणा ने 16 ओवर में 86 रन लुटाये, लेकिन कप्तान एडिलेड में मिली बड़ी हार के बाद इस महज दो टेस्ट खेलने वाले इस गेंदबाज का बचाव किया। रोहित ने दिल्ली के इस गेंदबाज के बारे में पूछे जाने पर कहा,'हर्षित राणा को एक टेस्ट मैच के आधार पर आंकना सही नहीं होगा। मुझे नहीं लगता कि उसने कुछ गलत किया है और उसे बिना किसी कारण के बाहर करना अच्छा नहीं लगेगा। उनके (ऑस्ट्रेलिया) पास एक अच्छा खिलाड़ी (ट्रैविस हेड) है जो उस पर दबाव बनाने में सफल रहा। राणा के मजबूत जज्बे वाला खिलाड़ी है।'

शमी पर नहीं डाल सकते हैं वापसी का दबाव

इस मैच में भारतीय गेंदबाजी की कलई खुलने के बाद टीम में जल्द से जल्द मोहम्मद शमी की वापसी की मांग उठ रही है लेकिन रोहित ने कहा कि बंगाल के तेज गेंदबाज के घुटने में फिर से सूजन आ गयी है। उन्होंने कहा,'शमी के लिए टीम के दरवाजे खुले है लेकिन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेलते हुए फिर से उनके घुटने में सूजन आ गयी है। हम उस पर नजर रख रहे हैं और हम उस पर वापसी के लिए कोई दबाव नहीं डालना चाहते हैं।'

भारतीय कप्तान पर शमी को टीम में शामिल करने का दबाव है लेकिन उनकी हाव-भाव से लगा कि इस तेज गेंदबाजी की वापसी में अभी समय लग सकता है। रोहित हेड और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के बीच हुई नोकझोंक को ज्यादा तवज्जो देने से बचते दिखे। हेड को आउट करने के बाद सिराज की उनसे कहा सुनी हुई थी। हेड ने बाद में दावा किया कि उन्होंने सिराज से कहा, ‘अच्छी गेंदबाजी की’ लेकिन भारतीय गेंदबाज ने उनकी इस बात को झूठ करार दिया।

एक हद तक आक्रामकता है ठीक

रोहित ने सिराज का बचाव करते हुए कहा,'खेल के दौरान आक्रामक होने और अति-आक्रामक होने के बीच बहुत कम अंतर होता है। कप्तान के रूप में यह देखना मेरा काम है कि कोई भी इस सीमा को पार न करे। कुछ शब्दों का आदान-प्रदान किया जा सकता है। सिराज को पता है कि उन्हें टीम के लिए क्या करने की जरूरत है और वह हर जरूरी चीज करेंगे।'ऑस्ट्रेलियाई मीडिया द्वारा इस मामले पर और पूछे जाने पर, रोहित ने कहा,'जब भारत और ऑस्ट्रेलिया खेलते हैं, तो ऐसी चीजें होती हैं। मेरा काम एक घटना को देखना नहीं है, बल्कि बड़ी तस्वीर देखना है।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article