क्रिकेट

केएल राहुल की हालिया सफलता के हिटमैन प्लान का अभिषेक नायर ने किया खुलासा

टीम इंडिया के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर ने केएल राहुल की हालिया सफलता का राज खोला है और बताया है कि रोहित शर्मा ने उनके साथ मिलकर जो प्लान तैयार किया था ये उसका नतीजा है। जानिए उन्होंने क्या कहा?

Image

केएल राहुल

Photo : AP

नई दिल्ली: भारत के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर का कहना है कि पिछले साल भारतीय टीम के साथ भूमिका संभालते समय तत्कालीन कप्तान रोहित शर्मा ने उन्हें केएल राहुल की बल्लेबाजी को आक्रामक बनाने का काम सौंपा था। हालांकि 2024-25 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया से मिली 1-3 से हार के बाद नायर को यह पद छोड़ना पड़ा।

नायर ने ‘ईएसपीएनक्रिकइन्फो’ से कहा,'इस भूमिका को शुरू करते समय मुझे याद है कि मैंने रोहित से बात की थी और उन्होंने कहा था कि वह एक चीज चाहते हैं कि मैं केएल के साथ काम करूं और उनके खेलने के तरीके में अधिक आक्रामक दृष्टिकोण लाऊं और उनसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाऊं।'राहुल ने पिछले एक साल में अच्छा प्रदर्शन दिखाया है, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ 10 पारियों में 276 रन बनाए हैं जिसमें दो अर्धशतक भी शामिल हैं। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने चैंपियंस ट्रॉफी में निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए पांच मैच में 140 रन बनाए। नायर ने कहा, 'उन्हें (रोहित) भरोसा था कि केएल चैंपियंस ट्रॉफी, विश्व कप के अलावा बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी और इंग्लैंड में टेस्ट श्रृंखला में अहम भूमिका निभाएगा।'

भले ही भारत लीड्स में पहला टेस्ट हार गया हो लेकिन राहुल ने एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में शानदार शुरुआत की जिसमें पारी की शुरुआत करते हुए उन्होंने 42 और 137 रन बनाए। नायर ने कहा कि राहुल के बदलाव की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले की गई ट्रेनिंग से हुई। उन्होंने कहा,'ऑस्ट्रेलिया उसके लिए महत्वपूर्ण होने वाला था क्योंकि यह लगभग वैसा ही था कि अगर वह वहां रन नहीं बना पाया तो क्या होगा क्योंकि वह टी20 टीम से बाहर था। फिर यह उसकी आखिरी श्रृंखला भी हो सकती थी।' नायर ने कहा,'घंटों की बातचीत के बाद आखिरकार उसने मुझ पर भरोसा किया।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article