क्रिकेट

IND vs BAN: 632 दिन बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार हैं ऋषभ पंत

भारत के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज टेस्ट क्रिकेट में 632 दिन लंबे अंतराल के बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार हैं।

Image

ऋषभ पंत (साभार BCCI)

चेन्नई: स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत दो साल में अपना पहला टेस्ट खेलने के लिए तैयार हैं और बुधवार को नेट अभ्यास के दौरान उन्होंने अपने पुराने खेल की झलक पेश की। भयावह कार दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद क्रिकेट के मैदान पर शीर्ष स्तर पर वापसी करना साधारण बात नहीं है। इस बात पर विश्वास करना मुश्किल है कि पंत को पिछला टेस्ट मैच खेले हुए 632 दिन बीत चुके हैं। संयोग ने उन्होंने अपना पिछला टेस्ट भी बांग्लादेश के खिलाफ ही 2022 में खेला था।

पंत अब इसी टीम के खिलाफ बृहस्पतिवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में वापसी करने को तैयार हैं। इस बीच टीम के क्रिकेट परिदृश्य में तो अधिक बदलाव नहीं आाय लेकिन टीम में जगह बनाने के कुछ मजबूत दावेदार सामने आए। इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला में ध्रुव जुरेल ने अपनी विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी से प्रभावित किया। अगर टीम प्रबंधन इस मैच के लिए जुरेल को ही खिलाने का फैसला करता तो कोई भी टीम को दोष नहीं दे सकता था लेकिन मुख्य कोच गौतम गंभीर ने पंत की अहमियत के बारे में बताया।

गंभीर ने मैच पूर्व प्रेस कांफ्रेंस में कहा,'हम सभी जानते हैं कि वह (बल्लेबाज के तौर पर) कितना विध्वंसक हो सकता है और टेस्ट क्रिकेट में वह क्या कर सकता है। उसने दुनिया भर में हर जगह रन बनाए हैं। हमेशा अच्छा होता है कि उसके जैसा कोई ऐसा खिलाड़ी हो जो हमारे लिए मैच में जीत की राह तैयार कर सके और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वह बहुत प्रभाव भी डाल सके।'

पंत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी सफेद गेंद के प्रारूप के साथ की और वह टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा थे लेकिन लंबे प्रारूप में कौशल और एकाग्रता को लेकर अलग तरह की चुनौती होती है। पंत ने हाल ही में बेंगलुरू में दलीप ट्रॉफी मैच में भारत बी के लिए खेलते हुए लाल गेंद के क्रिकेट के लिए तैयार होने की झलक पेश की। भारत ए के खिलाफ पहली पारी में 10 गेंदों पर सात रन बनाने के बाद पंत ने दूसरी पारी में 47 गेंद में नौ चौकों और दो छक्कों से 61 रन बनाकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।

पंत ने उस मैच में दूसरी पारी में पांच कैच सहित कुल सात कैच भी लपके। जुरेल इस दौरान भारत ए के लिए खेले लेकिन यह स्पष्ट था कि इस मुकाबले में नजरें पंत पर ही रहेंगी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article