क्रिकेट

बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी से पहले फॉर्म से जूझ रहे विराट कोहली के समर्थन में उतरे रिकी पॉन्टिंग

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज कप्तान रिकी पॉन्टिंग ने फॉर्म से जूझ रहे विराट कोहली का समर्थन किया है। विराट कोहली के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर दमदार वापसी का भरोसा ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने जताया है।

Image

विराट कोहली

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • विराट कोहली के खराब फॉर्म से चिंतित नहीं है पॉन्टिंग
  • आप महान खिलाड़ियों पर नहीं उठा सकते ऊंगली
  • पहली बार आईसीसी रैंकिंग में टॉप-20 से बाहर हुए विराट

दुबई: ऑस्ट्रेलिया के महान क्रिकेटर रिकी पॉन्टिंग का मानना है कि भारत के चैम्पियन बल्लेबाज विराट कोहली का आकलन मौजूदा फॉर्म के आधार पर नहीं होना चाहिये क्योंकि वह पांच टेस्ट मैचों की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी श्रृंखला में दमदार वापसी कर सकते हैं। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यह श्रृंखला 22 नवंबर से पर्थ में शुरू होगी।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में सबकुछ बदल सकते हैं विराट

भारतीय टीम को हाल ही में न्यूजीलैंड ने तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला में 3-0 से हराया। कोहली छह पारियों में 93 रन ही बना सके। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान पॉन्टिंग ने आईसीसी से कहा,'मैं विराट के बारे में पहले भी बोल चुका हूं। आप महान खिलाड़ियों पर ऊंगली नहीं उठा सकते। इसमें कोई शक नहीं कि वह महान क्रिकेटर है। उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना पसंद है। ऑस्ट्रेलिया में उसका रिकॉर्ड भी बेहतरीन है। वह इस श्रृंखला में सब कुछ बदल सकता है। अगर विराट पहले ही मैच से रन बनाने लगे तो मुझे हैरानी नहीं होगी।'

साल 2024 में 6 टेस्ट में 22.72 के औसत से बनाए हैं रन

विराट ने इस साल की शुरूआत से छह टेस्ट में 22.72 की औसत से रन बनाये हैं जो 2011 में पदार्पण के बाद से उनका न्यूनतम औसत है। वह आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में भी दस साल में पहली बार शीर्ष 20 से बाहर हो गए हैं। पॉन्टिंग ने कहा,'मैंने विराट के बारे में एक आंकड़ा पढ़ा। इसमें कहा गया कि पिछले पाच साल में उसने सिर्फ दो (तीन) टेस्ट शतक लगाये। यह सही नहीं लगता लेकिन अगर है तो चिंता की बात है। दुनिया में शीर्ष स्तर का कोई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट ऐसा नहीं होगा जिसने पांच साल में दो ही टेस्ट शतक लगाये हों।'

भारतीय बल्लेबाज स्पिनर्स के खिलाफ हुए हैं कमजोर

न्यूजीलैंड से मिली हार के बारे में उन्होंने कहा कि स्पिनरों को खेलने में भारतीय बल्लेबाज कमजोर साबित हुए हैं। उन्होंने कहा,'ऐसा लगता है कि अब भारत के आधुनिक बल्लेबाज स्पिन को उस तरह से नहीं खेल पा रहे जैसे भारतीय बल्लेबाज खेला करते थे। शायद अब भारत की पिचें तेज गेंदबाजों की मददगार अधिक हैं।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article