क्रिकेट

MLC खेलने वाले पहले भारतीय बनेंगे रविचंद्रन अश्विन, इस टीम के साथ किया करार

रविचंद्रन अश्विन टी20 क्रिकेट में जल्द नई पारी शुरू करने वाले हैं। दरअसल अश्विन ने एमएलसी 2026 में सेन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स टीम के साथ करार किया। उन्हें बिग बैश लीग में पिछले सत्र में सिडनी थंडर्स के लिये खेलना था लेकिन चोट के कारण उन्हें नाम वापिस लेना पड़ा था।

Image

रविचंद्रन अश्विन (साभार-X)

भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन जून में नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके अश्विन अब अमेरिकी टी20 लीग मेजर लीग में डेब्यू करने वाले हैं। अश्विन ने सेन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के साथ करार कर लिया। फ्रेंचाइजी ने शनिवार को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर लिखा ,’’ सेन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स ने 2026 काग्निजेंट मेजर लीग क्रिकेट के सत्र के लिये भारत के महान क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन के साथ करार किया है ।’’

अश्विन इस लीग में खेलने वाले भारत के पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट होंगे। उन्हें बिग बैश लीग में पिछले सत्र में सिडनी थंडर्स के लिये खेलना था लेकिन चोट के कारण उन्हें नाम वापिस लेना पड़ा था।

आईपीएल में सर्वाधिक विकेट लेने वाले टॉप पांच गेंदबाजों में शामिल अश्विन चेन्नई सुपर किंग्स, राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स, पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के लिये खेल चुके हैं। अश्विन ने कहा ,’’ एमएलसी ने हाल के सत्र में साबित कर दिया है कि वह विश्व स्तरीय खिलाड़ियों को लाकर और अमेरिका की घरेलू क्रिकेट प्रतिभाओं को मौके देकर अच्छा प्रदर्शन कर सकती है। सेन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के साथ इसका हिस्सा बनने का मौका ऐसा था जिसे मैं छोड़ नहीं सकता था। मेजर लीग क्रिकेट में खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी के रूप में यह जिम्मेदारी मेरे लिए बहुत बड़ी है, जिसे मैं पूरी तरह से स्वीकार करता हूं। मेरा पूरा ध्यान इस फ्रेंचाइजी को मैच जिताने और पहली चैंपियनशिप जीतने में मदद करने पर है।

इस मौके पर सेन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के कोच कैमरन व्हाइट ने कहा 'अश्विन जैसे दिग्गज खिलाड़ी का यूनिकॉर्न टीम में स्वागत करते हुए हम बेहद रोमांचित हैं। मैच जिताने वाले खिलाड़ियों और क्रिकेट की समझ की बात करें तो दुनिया भर में उनका नाम सबसे ऊपर आता है। सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स एमएलसी 2026 में अपना पहला मुकाबला शुक्रवार, 19 जून, को ग्रैंड प्रेयरी क्रिकेट स्टेडियम में एलए नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलेगी। टूर्नामेंट का समापन शनिवार, 18 जुलाई, 2026 को अश्विन के नए घरेलू मैदान, ओकलैंड कोलिज़ियम में होगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article