क्रिकेट

क्या अश्विन की ये भविष्यवाणी सच होगी, टी20 विश्व कप से पहले कही बड़ी बात

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 10, 2022, 09:27 PM IST

Ravichandran Ashwin, T20 World Cup 2022: भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाजों ने हाल में आशा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं किया है जिससे काफी फैंस निराश और नाराज हैं। लेकिन स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया की पिचों पर हालात बदल जाएंगे, क्योंकि वहां के मैदान बड़े हैं।

Image

रविचंद्रन अश्विन (AP)

भारत जब 23 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप में अपना पहला मैच खेलने उतरेगा तो उस समय सबकी नजरें इस महामुकाबले पर टिकी होंगी। इससे पहले भारतीय गेंदबाजों की काफी आलोचना हुई है, अब भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का कहना है कि भारत के मैदानों में छोटी बाउंड्री की वजह से गेंदबाजों को डिफेंसिव मोड में रहना होता है लेकिन ऑस्ट्रेलिया के बड़े मैदानों में हालात बदल जाएंगे।

अश्विन ने सोमवार को पश्चिम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के पहले अभ्यास मैच में गेंदबाजी नहीं की। उन्होंने हालांकि टीम के कुछ अन्य साथियों के साथ रविवार को यहां ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेले गये टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच का लुत्फ उठाया था।

इस ऑफ स्पिनर ने कहा, ‘‘भारत में टी20 और द्विपक्षीय मैचों में जो होता है हम उससे सीख सकते हैं। यह कहा जाता है कि गेंदबाजों के खिलाफ काफी रन बन रहे हैं लेकिन भारत में बाउंड्री 30 गज के घेरे के काफी करीब है।’’

अश्विन ने पश्चिम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के बाद कहा, ‘‘ जब आप ऑस्ट्रेलिया आते हैं तो बाउंड्री बहुत बड़ी होती हैं, इससे गेंदबाजों को प्रयोग करने का मौका मिलता है। आपको किस तरह से गेंदबाजी करनी है, यह जानना भी बहुत महत्वपूर्ण है। ऐसे मौके पर आप जोखिम उठाने का साहस कर सकते हैं।’’

भारतीय टीम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के इस टूर्नामेंट के लिए काफी पहले यहां पहुंच गयी है। अश्विन ने कहा, ‘‘ टी20 विश्व कप के लिए दो सप्ताह का समय है और यह एक महत्वपूर्ण प्रतियोगिता है। हम इसे गंभीरता से ले रहे हैं। हम यहां के माहौल में ढलने के लिए जल्दी आये हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ यह जरूरी था कि हम यहां जल्दी पहुंचे और गति तथा उछाल के अभ्यस्त हो जाये । कई खिलाड़ी टीम में नये है, ऐसे में अनुकूल होने के लिए उनके पास अच्छा समय होगा।’’

भारत ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में कई बार सफलता का स्वाद चखा है जिसमें लगातार दो बार टेस्ट श्रृंखला जीतना भी शामिल है। अश्विन ने कहा कि टीम को इससे आत्मविश्वास मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘आपके पास किसी विशेष स्थान की विशेष यादें होती हैं। ऐसे में आप अच्छा करने की पूरी कोशिश करते हैं।’’

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article