क्रिकेट

सूर्यकुमार यादव को टी20 टीम से हटाए जाने पर अश्विन ने अजीत आगरकर को लिया आड़े हाथ

भारत के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने सूर्यकुमार यादव को टी20 विश्व कप का खिताब टीम इंडिया को जिताने के बाद बगैर किसी चेतावनी के टीम से बाहर करने के निर्णय पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। जानिए अश्विन ने अपने बयान में क्या कहा?

Image

सूर्यकुमार यादव, रविचंद्रन अश्विन और श्रेयस अय्यर

अजीत आगरकर की अध्यक्षता वाली बीसीसीआई की चयन समिति ने शनिवार को एक बड़ा निर्णय किया और भारत को मार्च में तीसरी बार टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाया और उन्हें टी20 टीम से बाहर का रास्ता भी दिखा दिया। ये निर्णय बोर्ड ने सूर्या के खराब फॉर्म और भविष्य को देखते हुए किया गया है। बीसीसीआई और चयन समिति का यह निर्णय पर सूर्या के साथी खिलाड़ी रहे पूर्व टेस्ट क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन को नागवार गुजरा है। अश्विन ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

बतौर कप्तान उन्होंने निभाई अपनी भूमिका

अश्विन ने सूर्यकुमार यादव को टी20 टीम से बाहर का रास्ता दिखाए जाने के बारे में कहा, 'मैं खुद को सूर्या की जगह रखकर सोच रहा हूं। ये ठीक है कि पिछले 15 या 18 महीनों में मेरी बैटिंग का फॉर्म अच्छा नहीं रहा। मैं उस बेहतरीन फॉर्म में नहीं था जिसमें हो सकता था, लेकिन फिर भी मैंने देश के लिए T20 वर्ल्ड कप जीता। एक बैटर के तौर पर मेरा वर्ल्ड कप बहुत शानदार नहीं रहा, लेकिन टीम के बाकी सभी लोगों की तरह जैसे कोच, उपकप्तान, सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बैटर या बॉलर की तरह वो भी तो सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कप्तान रहे हैं ना? उन्होंने अपना भूमिका अच्छी तरह निभाई।'

क्या सूर्या को मौका देने की गुंजाइश थी?

अश्विन ने आगे कहा, मैंने अजीत की प्रेस कॉन्फ्रेंस देखी और मुझे उनकी बात अच्छी लगी। वे अगले दो सालों की प्लानिंग कर रहे हैं, जो सोचने का एक बहुत अच्छा तरीका है। लेकिन क्या इस बात की गुंजाइश थी कि सूर्या को थोड़ा और समय दिया जा सकता था? और अगर आपको लगता है कि वह सीधे आपकी प्लेइंग इलेवन में फिट नहीं बैठते, तो क्या उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ वह बड़ी सीरीज़ नहीं दी जा सकती थी ताकि वह खुद को साबित कर सकें, एक बैटर के तौर पर यह दिखा सकें कि वह उस जगह के हकदार हैं? मुझे लगता है कि अपने करियर में इतनी बड़ी कामयाबी हासिल करने के बाद वह इसके हकदार थे।'

क्या दिग्गज खिलाड़ियों के साथ होता ऐसा?

अश्विन ने सूर्या को बगैर किसी चेतावनी दिए टीम से बाहर किए जाने पर कहा, क्या हम बड़े दिग्गजों को उनकी जगह रखकर देख सकते हैं? क्या ऐसा कोई उदाहरण है जब टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले कप्तान को बगैर कोई अल्टीमेटम के टीम से बाहर कर दिया गया हो? मुझे यकीन है कि बातचीत हुई होगी। मुझे इसमें कोई शक नहीं है, लेकिन अगर आप मुझसे पूछें तो टीम चयन के लिहाज़ से यह एक बहुत अहम दिन था क्योंकि अगली बार जब कभी ऐसी स्थिति आएगी तो इस निर्णय को मिसाल के तौर पर देखा जाएगा।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article