क्रिकेट

न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया की करारी हार के लिए रविचंद्रन अश्विन ने किसे ठहराया दोषी

भारत के स्टार स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने टीम इंडिया की न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैच की घरेलू टेस्ट सीरीज में 0-3 के अंतर से हार पर निराशाजनक व्यक्त करते हुए खुद के लचर प्रदर्शन को जिम्मेदार ठहराया है।

Image

रविचंद्रन अश्विन

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • रविचंद्रन अश्विन न्यूजीलैंड के खिलाफ हार से हैं निराश
  • धाकड़ स्पिनर ने शर्मनाक हार के लिए खुद को ठहराया दोषी
  • अश्विन ने कहा इस हार से हम लेंगे सबक

मुंबई: भारत के सीनियर ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में 0-3 की हार को निराशाजनक करार करते हुए घरेलू मैदान पर मिली शिकस्त के लिए खुद को दोषी ठहराया। यह पहली बार है जब भारत को घरेलू मैदान पर तीन या उससे अधिक टेस्ट मैचों की श्रृंखला में व्हाइटवॉश का सामना करना पड़ा जबकि पिछले 12 वर्ष से भारत को अपनी सरजमीं पर पराजय नहीं झेलनी पड़ी थी।

न्यूजीलैंड के खिलाफ हार है निराशाजनक अनुभव

अश्विन ने अपने ‘यूट्यूब चैनल’ पर कहा,'हमें न्यूजीलैंड से 0-3 की हार का सामना करना पड़ा। मैंने कहीं पढ़ा था कि भारत में ऐसा कभी नहीं हुआ है। मेरे करियर और अब तक अनुभव में मैं जानता हूं कि जब हम खेलते हैं तो हमारे अंदर इतनी भावनायें नहीं होती हैं। लेकिन यह बहुत ही निराशाजनक अनुभव है जो कि सही शब्द है। पिछले दो या तीन दिन मैं इस पर कैसे प्रतिक्रिया दूं, यह नहीं जान पा रहा।'

अश्विन ने अपने सिर पर ली टीम की हार की जिम्मेदारी

अश्विन ने श्रृंखला में भारत के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए स्वीकार किया कि उनके खुद के लचर प्रदर्शन से टीम को नुकसान हुआ। उन्होंने कहा,'मुझे खुद से बहुत उम्मीद रहती है। मैं ऐसा खिलाड़ी हूं जो कहता है कि जो कुछ भी गलत हुआ उसके लिए मैं जिम्मेदार हूं। मैं इस श्रृंखला में मिली हार का बड़ा कारण रहा। मैं निचले क्रम के रन में योगदान नहीं दे सका। एक गेंदबाज के तौर पर मैं जानता हूं कि गेंदबाज के लिए रन बहुत जरूरी होते हैं। मैंने कई जगहों पर अच्छी शुरुआत की। लेकिन मैंने कुछ मौकों पर इसे गंवा दिया। मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया, लेकिन यह काफी नहीं था।'

टीम इंडिया इस हार से लेगी सबक

इस अनुभवी खिलाड़ी ने उम्मीद जताई कि टीम श्रृंखला में शर्मनाक हार से सीख लेगी। इस 38 वर्षीय गेंदबाज ने कहा,'कोई भी अजेय नहीं है इसलिये हारना कोई बुरी बात नहीं है। हमारी पहली गलती यह सोचना है कि हम अजेय हैं। और मैं ऐसा नहीं सोचता। 20 दिन के बाद जब हम चिंतन करेंगे तो हमें स्पष्टता मिलेगी।' अश्विन ने छह पारियों में 41.22 की औसत से केवल नौ विकेट लिए जबकि श्रृंखला में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 63 रन देकर तीन विकेट चटकाना रहा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article