क्रिकेट

रवि शास्त्री की दो टूक, अगर मैं टीम इंडिया का कोच होता तो ऐसा नहीं होने देता

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया को पहली बार टेस्ट सीरीज जिताने वाले कोच रवि शास्त्री ने कहा है कि अगर वो पिछले दौरे पर कोच होते तो रोहित शर्मा को ये निर्णय नहीं लेने देते।

Image

रोहित शर्मा

Photo : AP

नई दिल्ली: रवि शास्त्री ने कहा है कि अगर वह ऑस्ट्रेलिया के पिछले दौरे पर भारत के कोच होते तो वह कप्तान रोहित शर्मा को खराब फॉर्म के बावजूद सिडनी में आखिरी टेस्ट से बाहर नहीं रहने देते। रोहित निजी कारणों से बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट से बाहर रहे और आखिरी टेस्ट में भी खराब फॉर्म के कारण उन्होंने बाहर रहने का फैसला किया । वह पांच पारियों में 31 रन ही बना सके। भारत को टेस्ट श्रृंखला में 1-3 से पराजय झेलनी पड़ी।

मैं होता तो सिडनी से बाहर नहीं होने देता

शास्त्री ने कहा कि उन्होंने इस सत्र में आईपीएल मैचों के दौरान रोहित से बात की और बताया कि अगर वह ऑस्ट्रेलिया में होते तो क्या करते। उन्होंने कहा, 'टॉस के समय रोहित से मेरी काफी मुलाकातें हुई है। टॉस के दौरान बात करने का ज्यादा समय नहीं मिलता। मैंने हालांकि एक मैच में उसके कंधे पर हाथ रखा। शायद वह मुंबई मैच था। मैंने उससे कहा कि अगर मैं कोच होता तो उसे आखिरी टेस्ट से कभी बाहर नहीं रहने देता।'

मैं उन लोगों में हूं जो 2-1 पर हार मान लूं

उन्होंने आईसीसी रिव्यू के ताजा अंक में कहा,'मैंने उससे कहा कि वह आखिरी टेस्ट जरूर खेलता क्योंकि श्रृंखला पूरी नहीं हुई थी।' रोहित ने हाल ही में टेस्ट प्रारूप को अलविदा कह दिया जबकि टी20 क्रिकेट से वह पिछले साल ही संन्यास ले चुके हैं। भारत के पूर्व कोच ने कहा,'मैं उन लोगों में से नहीं हूं जो 2-1 स्कोर होने पर हार मान ले। यह वह मौका नहीं है जब आप टीम को छोड़ दें।'

सिडनी में मैच विनर हो सकता था रोहित

शास्त्री ने कहा,'वह 30-40 रन का मैच था। मैंने उससे यही कहा। सिडनी की पिच काफी जबर्दस्त थी और वह जिस फॉर्म में था,वह मैच विनर होता।' उन्होंने कहा,'अगर वह खेलता, हालात को भांपता और उसके हिसाब से शीर्षक्रम में 35-40 रन बनाता तो कुछ भी हो सकता था। श्रृंखला बराबरी पर होती। हर किसी की अपनी शैली होती है । मेरी शैली यह होती और मैंने उसे बता दिया। यह बात कई दिनों से मेरे दिल में थी और मुझे उसे बताना था।' रोहित और विराट कोहली दोनों ने अगले महीने के इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट क्रिकेट से विदा ले ली।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article