क्रिकेट

पाकिस्तान के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज खेलने के सवाल पर लाहौर में राजीव शुक्ला ने दिया दो-टूक जवाब

बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने लाहौर में भारत-पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट संबंधों की बहाली पर दो टूक बयान दिया है।

Image

राजीव शुक्ला

Photo : Twitter

लाहौर: बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बुधवार को कहा कि यह बहुत स्पष्ट है कि भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट की बहाली भारत सरकार की मंजूरी के अधीन है। न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल देखने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के निमंत्रण पर यहां आए बीसीसीआई के वरिष्ठ अधिकारी ने यह भी कहा कि भारतीय टीम बेहतर प्रदर्शन के लिए अनुकूल पिचों पर निर्भर नहीं है।

भारत सरकार का स्पष्ट है पाकिस्तान के खिलाफ क्रिकेट खेलने पर रुख

शुक्ला ने बुधवार को पाकिस्तानी मीडिया से कहा,'जहां तक आप दोनों देशों के बीच क्रिकेट के बारे में पूछ रहे हैं तो यह बहुत स्पष्ट है कि यह (भारतीय) सरकार का फैसला है। भारत की सरकार जो भी कहेगी, हम उनके अनुसार चलेंगे। पाकिस्तान लंबे समय के बाद किसी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है और यह अच्छी बात है। उन्होंने इसका अच्छे से आयोजन किया है।'

शुक्ला ने इस बात पर सहमति जताई कि दोनों देशों के प्रशंसक द्विपक्षीय संबंध फिर से शुरू करना चाहते हैं लेकिन तटस्थ स्थल पर खेलने के विचार पर वह सकारात्मक नहीं दिखे। उन्होंने कहा,'यह सच है कि दोनों देशों के प्रशंसक चाहते हैं कि टीमें खेलें, लेकिन बीसीसीआई की नीति रही है कि द्विपक्षीय मैच एक-दूसरे की धरती पर ही होने चाहिए ना कि किसी तीसरे (या) तटस्थ स्थल पर और पीसीबी की भी ऐसी ही नीति होगी।'

हर दूसरा देश चाहता है भारत-पाकिस्तान की मेजबानी?

शुक्ला ने कहा,'बीसीसीआई की लगातार यही नीति रही है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) में भी एक प्रावधान है जो सरकार की सहमति के बारे में है। यह एक बड़ा प्रावधान है इसलिए यह सरकार की सहमति के दृष्टिकोण से होता है। हर दूसरा देश भारत-पाकिस्तान की मेजबानी करने की पेशकश करेगा, कौन नहीं करेगा? हम अपनी बात सरकार के सामने रखते हैं, लेकिन वे विचार-विमर्श के बाद फैसला करते हैं। जब सरकार कोई फैसला लेती है तो वह कई पहलुओं पर विचार करने के बाद लेती है। यह उनका आंतरिक मामला है।

नहीं मिला है टीम इंडिया को दुबई में खेलने का फायदा

शुक्ला ने इस तर्क को खारिज कर दिया कि चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली भारतीय टीम को इस आठ टीमों के टूर्नामेंट में केवल एक ही स्थान पर खेलने का लाभ मिला है। उन्होंने कहा,'जब आईसीसी स्तर पर यह निर्णय लिया गया था तो यह तय किया गया था कि भारत के मैच दुबई में होंगे और बाकी मैच पाकिस्तान में होंगे इसलिए यह निष्पक्ष या अनुचित का सवाल नहीं है। भारतीय टीम पिचों पर निर्भर नहीं करती है, यहां तक कि वहां (दुबई में) भी अलग-अलग तरह की पिचें हैं। टीम अपने प्रदर्शन के आधार पर खेलती है, खिलाड़ी अपनी ताकत के आधार पर खेलते हैं और पिचों पर निर्भर नहीं होते हैं।'

क्या लाहौर में खेला जाना चाहिए था फाइनल मुकाबला?

शुक्ला से पूछा गया कि क्या यह बेहतर नहीं होता अगर फाइनल लाहौर में होता तो उन्होंने जवाब दिया,'इसके लिए ऑस्ट्रेलिया को कल (मंगलवार को) जीतना चाहिए था। लेकिन वे हार गए इसलिए फाइनल दुबई में खेला जाएगा।' एशिया कप के कार्यक्रम के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा,'आप जानते हैं कि यह यथास्थिति है इसलिए यह उसी के अनुसार होगा।' शुक्ला से जब पूछा गया कि बीसीसीआई अधिकारी के तौर पर वह पाकिस्तान से क्या लेकर जाएंगे तो उन्होंने कहा,'मैं एशिया कप के लिए भी यहां आया था। रोजर बिन्नी भी वहां थे और जय शाह भी पूरा सहयोग कर रहे हैं।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article