ODI World Cup 2023, Punjab Sports Minister: क्रिकेट का महाकुंभ यानी वनडे वर्ल्ड कप का आगाम 5 अक्टूबर से दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम से होगा। भारत की मेजबानी में होने वाले टूर्नामेंट का शेड्यूल पिछले दिनों जारी किया गया। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले भारत के 10 अलग-अलग जगहों पर खेले जाएंगे। लेकिन इस लिस्ट में मोहाली को मेजबानी नहीं मिली है। टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले ही वेन्यू विवाद सामने आ गया है। पंजाब के खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने पूछा कि वनडे वर्ल्ड कप के वेन्यू लिस्ट से मोहाली को बाहर क्यों रखा गया।
मोहाली को बाहर करने का मानदंड क्या है?
पंजाब के खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष रोजर बिन्नी और सचिव जय शाह को पत्र लिखकर उन मानदंडों पर सवाल उठाया, जिसके तहत आईसीसी वर्ल्ड कप के दौरान मैच की मेजबानी करने वाले शहरों की सूची से मोहाली को बाहर कर दिया गया। बीसीसीआई प्रमुख को लिखे अपने पत्र में हेयर ने कहा कि पंजाब के पास सबसे अच्छा खेल बुनियादी ढांचा है। उन्होंने यह भी बताया कि मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम को दो वर्ल्ड कप सेमीफाइनल मुकाबलों की मेजबानी करने का भी गौरव प्राप्त है।
इन शहरों में होगा वनडे वर्ल्ड कप के मैच
वनडे वर्ल्ड कप के मैच अहमदाबाद सहित 10 शहरों में खेले जाएंगे। वनडे वर्ल्ड कप की शुरुआत 5 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम से होगी। इसके अलावा हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम, धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम, चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम, लखनऊ के इकाना स्टेडियम, पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन, बेंगलुरू के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, मुंबई के वानखेड़े स्टेडिम और कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले जाएंगे।
(भाषा इनपुट के साथ)
