क्रिकेट

मैच की आखिरी और अपनी पहली गेंद पर प्रिंस यादव ने रचा इतिहास, सूर्या के क्लब में मारी एंट्री

आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टीम ने टी20 सीरीज में शर्मनाक प्रदर्शन किया। पहली बार आइरिश टीम ने भारत के खिलाफ किसी भी फॉर्मेट में क्लीन स्वीप किया। आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में टीम इंडिया को 1 रन से मात मिली। हालांकि, मैच में डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने इतिहास रच दिया। वह पहली गेंद पर सिक्स जड़ने वाले मात्र तीसरे भारतीय बल्लेबाज बने।

Image

टी20 डेब्यू मैच में पहली गेंद पर सिक्स लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज। फोटो- BCCI

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आयरलैंड दौरे पर गई भारतीय टीम को निराशा मिली। दो मैच की टी20I सीरीज में भारत को क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा। दूसरे टी20 मैच में आयरलैंड ने भारत को 1 रन से मात दी। हालांकि, इस मैच में डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने इतिहास रच दिया।

सभी को उम्मीद थी कि पहला मैच हारने के बाद भारतीय टीम दूसरे टी20 मैच में बदलाव करेगी और वैभव सूर्यवंशी का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू होगा। प्लेइंग इलेवन में बदलाव तो हुए लेकिन वैभव की जगह सूर्यांश शेडगे और प्रिंस यादव को डेब्यू कैप मिली। आयरलैंड की पारी के दौरान प्रिंस यादव ने गेंदबाजी में अपना जलवा बिखेरा।

सूर्यकुमार यादव के क्लब में मारी एंट्री

प्रिंस ने चार ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट चटकाए। इसके बाद बल्लेबाजी के दौरान प्रिंस ने पहली गेंद पर सिक्स लगाकर इतिहास रच दिया। वह टी20I डेब्यू मैच में पहली गेंद पर सिक्स लगाने वाले मात्र तीसरे भारतीय बल्लेबाज बने। साल 2021 में सूर्यकुमार यादव ने अपने डेब्यू मैच की पहली गेंद पर सिक्स लगाया था। सूर्या ने जोफ्रा आर्चर की गेंद पर सिक्स लगाया था।

बने तीसरे बल्लेबाज

इसके तीन साल बाद रमनदीप सिंह ने साल 2024 में सेंचुरियन में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने डेब्यू टी20 मैच की पहली गेंद पर सिक्स जड़ा। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने एंडिले सिमेलाने की गेंद पर सिक्स मारा था। अब प्रिंस यादव ने आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच की आखिरी गेंद पर हैरी टेक्टर को सिक्स जड़ा।

टी20I डेब्यू मैच की पहली गेंद पर सिक्स जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ी-

  • सूर्यकुमार यादव, इंग्लैंड (जोफ्रा आर्चर)- अहमदाबाद 2021
  • रमनदीप सिंह, साउथ अफ्रीका (एंडिले सिमेलाने), सेंचुरियन 2024
  • प्रिंस यादव, आयरलैंड( हैरी टेक्टर), बेलफास्ट 2026

टीम इंडिया इंग्लैंड से लेगी लोहा

आयरलैंड के बाद भारतीय टी20 टीम अब इंग्लैंड दौरे के लिए रवाना होगी, जहां श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम पांच मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की सीरीज में हिस्सा लेगी। पहला मैच 1 जुलाई को खेला जाएगा। क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि इस सीरीज में उन्हें वैभव सूर्यवंशी का जलवा देखने को मिल सकता है।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article