क्रिकेट

सूर्या ने पीएम नरेंद्र मोदी को बताया अपने मैच बदलने वाले कैच का राज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूर्यकुमार से उनके मैच बदलने वाले कैच का राज पूछा तो उन्होंने बताया कि अभ्यास ने उनकी राह आसान कर दी। जानिए उन्होंने सूर्यकुमार से पीएम ने और क्या कहा?

Image

सूर्यकुमार यादव डेविड मिलर का कैच लेने के बाद जश्न मनाते हुए

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • सुर्या ने बताया पीएम में अपने यादगार कैच का राज
  • पीएम ने कहा बहुत भाग्यशाली हो एक घटना ने बदला मैच
  • राहुल द्रविड़ ने बताया कैच के पीछे है कड़ी मेहनत

भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप का खिताब दक्षिण अफ्रीका को मात देकर अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को आखिरी ओवर में 16 रन का बचाव करते हुए मैच और ट्रॉफी अपने नाम कर ली। 20वें ओवर की पहली गेंद पर सूर्यकुमार यादव ने बाउंड्री पर डेविड मिलर का करिश्माई कैच पकड़कर भारतीय टीम को 17 साल बाद दूसरी बार ट्रॉफी जीतकर जश्न मनाने का मौका दे दिया।

पहले कैच का नहीं रन बचाने का था इरादा

भारतीय टीम में विश्व विजय के बाद स्वदेश वापसी गुरुवार को की और नई दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। पीएम ने खिलाड़ियों से मुलाकात के दौरान सूर्यकुमार यादव से उस करिश्माई कैच का राज पूछा। ऐसे में सूर्या ने जवाब देते हुए कहा, उस मौके पर पहले ये नहीं सोचा था कि कैच पकड़ लूंगा। गेंद को पकड़कर अंदर धकेल दूंगा एक दो रन हो ज्यादा से ज्यादा। क्योंकि हवा भी वैसी ही चल रही थी, लेकिन एक बार जब हाथ में आ गया तो लगा कि उसे उठाकर दूसरे साइड दे दूं। लेकिन देखा कि रोहित भाई बहुत दूर थे उस समय लेकिन मैंने उड़ाया गेंद को और हाथ में आ गई।

सूर्या ने अभ्यास में लपके ऐसे 150 से 160 कैच

सूर्या ने आगे कहा, हमने ऐसे कैच लेने की बहुत प्रैक्टिस की है। एक चीज के बारे में मैंने सोचा था कि बैटिंग तो मैं करता ही लेकिन उसके खत्म होने के बाद मैं और किस चीज में योगदान कर सकता हूं। ऐसे अभ्यास के बारे में पीएम के सवाल पर कोच राहुल द्रविड़ ने कहा कि सूर्या ने इस तरह के तकरीबन 150-160 कैच अभ्यास के दौरान लिए।

अभ्यास का मिला फायदा

सूर्या ने आगे कहा, आईपीएल के बाद और टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले मैंने बहुत सारे ऐसे कैच लपके थे और उनका अभ्यास किया था। लेकिन पता नहीं था कि भगवान ऐसा मौका देगा और वो भी ऐसे टाइम पर। ऐसी प्रैक्टिस की हुई थी पहले तो ऐसे टाइम में काम थोड़ा आसान हो गया। पता था कि ऐसा स्थिति पहले आ गई थी। लेकिन कैच लेकर बहुत अच्छा लगा।

पीएम ने कहा एक घटना ने बदल दिया पूरा मैच

पीएम ने इस कैच पर आगे कहा, एक घटना पूरा मिजाज बदल दे तो बहुत खुशी होती है आप तो बहुत भाग्यशाली इंसान हो। बहुत बधाई हो आपको। इसके बाद में सूर्या ने कहा, जर्सी में दूसरा स्टार लग गया है तो अच्छा लग रहा है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article