क्रिकेट

PM Narendra Modi Speech: लाल किले के प्राचीर से पीएम मोदी का ऐलान, गांव-गांव तक खेल सुविधाएं पहुंचाना है हमारा लक्ष्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले के प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय खेल नीति की प्रशंसा करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य देश के सुदूर गांवों तक खेल सुविधाओं को पहुंचाना है। जानिए उन्होंने देश में खेलों के विकास के बारे में अपने भाषण में और क्या कहा?

Image

79वें स्वतंत्रता दिवस पर देश को लाल किले के प्राचीर से संबोधित करते पीएम नरेंद्र मोदी(फोटो क्रेडिट AP)

नई दिल्ली: भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लालकिले की प्राचीर से देश को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार ऐसा ईको सिस्टम विकसित करना चाहती है कि स्पोर्ट्स से जुड़े हर तरह के साधन बनाए जा सकें। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,'एक जमाना था, जब बच्चे खेल में मन लगाते थे तो मां-बाप इसे पसंद नहीं करते थे। अब इसका ठीक उलटा हो गया है। आज बच्चे खेल कूद में आगे बढ़ते हैं, तो मां-बाप गर्व करते हैं। मैं इसे शुभ संकेत मानता हूं। देश के परिवार के अंदर खेल को प्रोत्साहन देने के वातावरण को देख मेरा मन गर्व से भर जाता है। यह देश के भविष्य के लिए शुभ संकेत है।'

खेलों को बढ़ावा देने के लिए लाए हैं नई खेल नीति

पीएम मोदी ने कहा,'खेल को बढ़ावा देने के लिए हम नेशनल स्पोर्ट्स पॉलिसी और 'खेलो भारत नीति' लाए हैं। हमारा प्रयास खेल क्षेत्र के समग्र विकास का है। स्कूल से लेकर ओलंपिक तक हम खेल का एक पूरा ईकोसिस्टम तैयार करना चाहते हैं, जहां कोचिंग, फिटनेस की व्यवस्था हो, और खेल से जुड़े आवश्यक साधन हों। लघु-उद्योग को भी हम खेल संसाधन बनाने में मदद कर रहे हैं। हम ऐसा ईकोसिस्टम बनाना चाहते हैं, जिसकी पहुंच देश के गांव-गांव तक हो।'

खेलों के माध्यम से नागरिकों को बनाना है सशक्त

बता दें, खेलो भारत नीति 2025 का उद्देश्य देश के खेल परिदृश्य को नया रूप देना और खेलों के माध्यम से नागरिकों को सशक्त बनाना है। यह पहल जमीनी स्तर से लेकर उच्च स्तर तक खेल कार्यक्रमों को मजबूत करने पर केंद्रित है। इसके तहत प्रतिभाओं की पहचान, प्रतिस्पर्धी लीग और प्रतियोगिताओं को बढ़ावा देने और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए तंत्र का विकास करना शामिल है। इस नीति के तहत राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) की क्षमता और संचालन को बढ़ाते हुए प्रशिक्षण, कोचिंग और समग्र खिलाड़ियों के लिए विश्व स्तरीय प्रणाली विकसित करना भी शामिल है।

महिलाओं और हाशिये पर पड़े लोगों को बनाना है सशक्त

सरकार इस नीति के माध्यम से महिलाओं, हाशिए पर पड़े समूहों, जनजातीय समुदायों और विकलांग लोगों की खेल में भागीदारी को बढ़ावा देते हुए उन्हें सशक्त बनाना चाहती है। साथ ही खेल को एक करियर के रूप में भी स्थापित करना चाहती है। सरकार इस नीति के माध्यम से जनता के बीच स्वास्थ्य को एक आंदोलन के रूप में बदलना चाहती है। खेलो भारत नीति का एक लक्ष्य 2036 ओलंपिक में उत्कृष्टता को एक रणनीतिक योजना के साथ भारत को वैश्विक खेल महाशक्ति के रूप में स्थापित करना और संभवतः उनकी मेजबानी के लिए मामला तैयार करना है।

(IANS)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article