क्रिकेट

विश्व कप 2023 का जारी हुआ कार्यक्रम, पीसीबी ने जारी किया टूर्नामेंट में भाग लेने के बारे में बयान

  • Agency by: Agency
  • Updated Jun 27, 2023, 05:36 PM IST

आईसीसी द्वारा भारत की मेजबानी में आयोजित होने वाले वनडे विश्व कप 2023 का कार्यक्रम जारी होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टूर्नामेंट में उनकी टीम के भाग लेने के बारे में बयान जारी किया है। आईसीसी ने पाकिस्तान के टूर्नामेंट में भाग लेने का भरोसा जताया है।

Image

पाकिस्तान क्रिकेट टीम

नई दिल्ली /कराची: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड वनडे विश्व कप के लिये भारत में अपनी टीम भेजने को लेकर अभी भी आशंकित है लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को यकीन है कि बाबर आजम की कप्तानी वाली टीम भारत में 50 ओवरों का विश्व कप खेलेगी।

आईसीसी ने मंगलवार को पांच अक्टूबर से 19 नवंबर तक होने वाले वनडे विश्व कप का कार्यक्रम जारी किया। इसके साथ ही कुछ टीमों के खिलाफ पाकिस्तान के मैच चेन्नई और बेंगलुरू में नहीं कराने का पीसीबी का अनुरोध भी ठुकरा दिया। पीसीबी चेन्नई की टर्निंग पिच पर अफगानिस्तान से और बेंगलुरू में ऑस्ट्रेलिया से नहीं खेलना चाहता।

सरकार की अनुमति पर निर्भर है भागीदारी

विश्व कप के कार्यक्रम की घोषणा के बाद पीसीबी ने साफ तौर पर कहा कि उसका खेलना सरकार से मंजूरी मिलने पर निर्भर करता है। पीसीबी के एक अधिकारी ने कहा, 'विश्व कप में हमारा खेलना और 15 अक्टूबर को अहमदाबाद में या सेमीफाइनल में पहुंचने पर मुंबई में खेलना सरकार से मंजूरी मिलने पर निर्भर करता है।' वहीं आईसीसी के एक प्रवक्ता ने कहा, 'सभी सदस्यों को अपने देश के कानून का पालन करना है और हम उसका सम्मान करते हैं। लेकिन हमें यकीन है कि पाकिस्तानी टीम वनडे विश्व कप खेलने भारत आयेगी।'

2016 में टी20 विश्व कप के लिए भारत आया था पाकिस्तान

पाकिस्तान ने आखिरी बार 2016 टी20 विश्व कप में भारत में खेला था । दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों में तनाव के कारण दोनों टीमें आईसीसी टूर्नामेंटों या एशिया कप में ही एक दूसरे से खेलती हैं । यह लगभग तय ही था कि दो मैच अन्यत्र कराने का पाकिस्तान का अनुरोध बीसीसीआई ठुकरा देगा क्योंकि आम तौर पर सुरक्षा को लेकर खतरे की दशा में ही वह ऐसे अनुरोध मानता है।

पीसीबी अध्यक्ष पद के चुनाव अब 17 जुलाई तक टल गए हैं तो देखना है कि बोर्ड विश्व कप के कार्यक्रम पर किस तरह से प्रतिक्रिया व्यक्त करता है। नजम सेठी के इस्तीफे के बाद बोर्ड का कामकाज अंतरिम अध्यक्ष अहमद शहजाद फारूक राणा देख रहे हैं।

End of Article