क्रिकेट

पीसीबी चीफ ने की ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के आयोजन के 'हाइब्रिड मॉडल' की पुष्टि

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुखिया मोहसिन नकवी ने आईसीसी द्वारा आधिकारिक तौर पर ऐलान किए जाने से पहले ही आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के हाइब्रिड मॉडल के आधार पर आयोजन की पुष्टि कर दी है। हालांकि पाकिस्तान ने इसके लिए आईसीसी के सामने कुछ शर्तें भी रखी हैं।

Image

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नक़वी

दुबई/कराची: बहिष्कार की धमकी से पीछे हटते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने आईसीसी से कहा है कि वह अगले साल चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी के लिए ‘हाइब्रिड मॉडल’ को स्वीकार करने को तैयार है लेकिन विश्व संस्था को 2031 तक भारत में होने वाले टूर्नामेंट के लिए भी यही व्यवस्था अपनाने की अनुमति देनी होगी। कराची में पीसीबी के एक सूत्र ने जो कुछ बताया, उसकी पुष्टि दुबई में पीसीबी के प्रमुख मोहसिन नकवी ने भी कुछ घंटों बाद की। टूर्नामेंट फरवरी-मार्च में होना है और भारत ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए पाकिस्तान जाने से इनकार कर दिया है।

समान शर्तों पर अपनाएंगे हाइब्रिड मॉडल का फार्मूला

नकवी ने पत्रकारों से कहा,'मैं इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहता क्योंकि इससे चीजें बिगड़ सकती हैं। हमने अपना दृष्टिकोण (आईसीसी को) बता दिया है, भारतीयों ने भी अपना दृष्टिकोण बता दिया है। प्रयास यह सुनिश्चित करना है कि सभी के लिए फायदा हो। क्रिकेट को जीतना चाहिए, यह सबसे महत्वपूर्ण है। लेकिन सभी के सम्मान के साथ। हम वही करेंगे जो क्रिकेट के लिए सबसे अच्छा होगा। हम जो भी फॉर्मूला अपनाएंगे, वह समान शर्तों पर होगा। पाकिस्तान का गौरव सबसे महत्वपूर्ण है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि क्रिकेट जीते लेकिन पाकिस्तान का गौरव भी बरकरार रहे।'

आईसीसी के अल्टीमेटम के बाद नरम पड़ा पाकिस्तान

पीसीबी ने पहले टूर्नामेंट के बहिष्कार की धमकी दी थी जिससे यह प्रस्ताव थोड़ा नरमी भरा है। उसने कहा था कि अगर उसे मेजबानी के पूर्ण अधिकार नहीं दिये गये और भारत की तटस्थ स्थल की मांग स्वीकार कर ली गई तो वह टूर्नामेंट का बहिष्कार करेगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या पाकिस्तान अब इस व्यवस्था के लिए राजी हो गया है तो नकवी ने जवाब दिया,'देखते हैं क्या होता है। मेरा प्रयास यह सुनिश्चित करना है कि कोई एकतरफा व्यवस्था नहीं हो। ऐसा नहीं होना चाहिए कि हम भारत जाएं और वे हमारे देश में नहीं आएं। विचार यह है कि इसे हमेशा के लिए समान शर्तों पर सुलझा लिया जाए।'

फरवरी-मार्च में होगा चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन

कराची में पीसीबी के एक शीर्ष सूत्र ने पीटीआई को बताया कि बोर्ड इस ‘हाइब्रिड मॉडल’ पर सहमत होने के लिए सालाना राजस्व चक्र में ज्यादा हिस्सेदारी की मांग भी कर रहा है। सुरक्षा चिंताओं के कारण भारत इस ‘हाइब्रिड मॉडल’ में अपने मैच दुबई में खेलेगा जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला भी शामिल है। चैंपियंस ट्रॉफी फरवरी-मार्च में होनी है।

राजस्व में पाकिस्तान ने मांगी ज्यादा हिस्सेदारी

पीसीबी सूत्र ने इससे पहले पीटीआई को बताया,'मौजूदा स्थिति यह है कि पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने कहा है कि वह ‘हाइब्रिड मॉडल’ पर चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी तभी स्वीकार करेगा जब बोर्ड इस बात पर सहमत हो कि भविष्य में सभी आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) टूर्नामेंट इसी प्रणाली के आधार पर होंगे और पाकिस्तान अपने मैच खेलने के लिए भारत नहीं जाएगा। पाकिस्तान यह भी चाहता है कि आईसीसी बोर्ड राजस्व में वित्तीय चक्र में उसके हिस्से को 5.75 प्रतिशत से बढ़ा दे और नकवी इस पर अड़े हुए हैं लेकिन उन्होंने मेजबानी के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं मांगा है।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article