क्रिकेट

PAK vs AUS Highlights: रिजवान की कप्तानी में पाकिस्तान की विजयी शुरुआत, 22 साल बाद ऑस्ट्रेलिया में जीता सीरीज

PAK vs AUS Highlights: पाकिस्तान ने मोहम्मद रिजवान की कप्तानी में जीत के साथ शुरुआत की है। तीसरे और निर्णायक मुकाबले में उसने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से पटखनी दी और 3 मैच की सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया।

Image

पाकिस्तान क्रिकेट टीम (साभार-PCB)

PAK vs AUS Highlights: पाकिस्तान ने 3 मैच की वनडे सीरीज को 2-1 से जीत लिया। तीसरे और निर्णायक मुकाबले में पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 141 रन का लक्ष्य था जिसे उसने 2 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। पाकिस्तान ने यह लक्ष्य केवल 26.5 ओवर में हासिल कर लिया। मोहम्मद रिजवान की कप्तानी में यह पाकिस्तान की पहली सीरीज जीत है। रिजवान 28 रन जबकि बाबर आजम ने 30 रन की नाबाद पारी खेली। 22 साल बाद पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को उसके घर पर मात दी है।

141 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की ओर से अब्दुल्ला शफीक और सैम अयूब ने शानदार शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 84 रन री मैच जिताऊ साझेदारी की। अयूब 52 गेंद पर 42 रन बनाकर आउट हुए। अयूब के आउट होते ही पाकिस्तान को दूसरा झटका 85 रन के स्कोर पर लगा जब अब्दुल्ला शफीक 53 गेंद में 37 रन बनाकर आउट हो गए। दो विकेट गिरने के बाद बाबर और रिजवान ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 58 रन की साझेदारी की।

इससे पहले टॉस जीतकर रिजवान ने ऑस्ट्रेलिया को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया, लेकिन दूसरे मुकाबले की तरह एकबार फिर पाकिस्तानी तेज गेंदबाजी के सामने पूरी ऑस्ट्रेलिया टीम लाचार नजर आई। नतीजा ऑस्ट्रेलियाई टीम पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई और 31.5 ओवर में 140 रन बनाकर ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलिया की खराब बल्लेबाजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसकी ओर से सर्वाधिक 30 रन की पारी सीन एबॉट ने खेली। ऑस्ट्रेलिया की ओर से 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए।

फिर चली पाकिस्तान की पेस बैटरी

इस दौरे पर पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों ने काफी प्रभावित किया। तीसरे और निर्णायक मुकाबले में पाकिस्तान की तिकड़ी ने कहर बरपाया। नसीम शाह और शाहीन शाह अफरीदी ने 3-3 जबकि हारिस रउफ ने 2 विकेट चटकाए। रउफ ने दूसरे वनडे में भी 5 विकेट चटकाए थे।

2-1 से सीरीज किया अपने नाम

इस जीत के साथ ही पाकिस्तान ने 3 मैच की वनडे सीरीज 0-1 से पिछड़ने के बावजूद 2-1 से जीत लिया। पहला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया ने 2 विकेट से जीता था। जबकि दूसरे और तीसरे वनडे में पाकिस्तान की टीम ने डॉमिनेट करते हुए जीत हासिल की। दूसरा वनडे पाकिस्तान ने 9 विकेट से जीता था जबकि तीसरा और निर्णायक मुकाबला उसने 8 विकेट से जीत लिया। अब टीम 3 मैच की टी20 सीरीज खेलेगी जिसकी शुरुआत 14 नवंबर को हो जाएगी।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article