किसी भी कप्तान के लिए विदेशी दौरे की चुनौती हमेशा मुश्किल रहती है। इस तरह के दौरे पर कप्तान चाहता है कि उसके पास एक ऐसा सिपाही चाहता है जो हर मोर्चे पर लड़ने के लिए ना केवल तैयार रहे बल्कि विरोधियों को परास्त करे। 2025 में जब शुभमन गिल एंड कंपनी इंग्लैंड दौरे पर गई थी तो उनके पास विराट-रोहित और बुमराह की तिकड़ी नहीं थी। लेकिन गिल को जिस मैच विनर की तलाश थी वो बने मोहम्मद सिराज। ठीक एक साल पहले यानी 4 अगस्त 2025 को सिराज ने अपने टेस्ट करियर की सबसे यादगार स्पेल डालकर टीम इंडिया को हारी हुई बाजी जिता दी थी।
आई बिलीव जस्सी से वी बिलीव यू तक का सफर
कभी मोहम्मद सिराज ने ही जसप्रीत बुमराह को लेकर कहा था आई बिलीव इन जस्सी भाई, लेकिन इंग्लैंड के इस दौरे पर बुमराह नहीं थे और उनके उनुपस्थिति में सिराज ने ऐसी ड्रीम स्पेल डाली जिसके बाद पूरा भारत एक साथ कहने लगा कि वी बिलीव यू सिराज भाई।
ओवल में चला था मियां मैजिक
सीरीज में टीम इंडिया 1-2 से पीछे थी। ओवल टेस्ट भी इंग्लैंड ने अपनी मुट्ठी में कर ही लिया था, लेकिन कभी ना हार मानने की सिराज की प्रवृति ने टीम इंडिया को जीत दिला दी। इंग्लैंड को ओवल टेस्ट और सीरीज जीतने के लिए 35 रन की दरकार थी और उसके 4 विकेट बाकी थी। सिराज ने ड्रीम स्पेल डाली और 6 रन से टीम इंडिया को मैच जिता दिया। नतीजा सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुआ। दूसरी पारी में सिराज ने 30.1 ओवर की गेंदबाजी की और केवल 104 रन देकर 5 विकेट चटकाए। पहली पारी में भी सिराज ने 4 विकेट चटकाए।
मोहम्मद सिराज का यादगार दौरा
मोहम्मद सिराज ने इस पूरे सीरीज में बिना एक भी मैच गंवाए सभी 5 टेस्ट मैच खेले। इस दौरान उन्होंने इस सीरीज में सबसे ज्यादा 185 ओवर की गेंदबाजी की और सर्वाधिक 23 विकेट चटकाए थे। ये तब था जब टीम इंडिया की गेंदबाजी लाइनअप सिराज के नेतृत्व में उतरी थी।
राहुल और गिल के बल्ले की धूम
गेंद से जहां सिराज चमके थे तो वहीं बल्ले से शुभमन गिल, केएल राहुल और रवींद्र जडेजा की धूम देखने को मिली थी। गिल ने 75.40 की औसत से 754, राहुल ने 53.20 की औसत से 532 और रवींद्र जडेजा ने 86.00 की औसत से 516 रन बनाए थे।
